भरत यादव छिंदवाड़ा और शेखर वर्मा बने शहडोल कलेक्टर
भोपाल। राज्य सरकार ने छिंदवाड़ा और शहडोल कलेक्टर को हटा दिया है। चुनाव आयोग के निर्देश पर यह फेरबदल किया गया है। छिंदवाड़ा कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा को अपर सचिव मंत्रालय बनाया है। उनके स्थान पर उर्जा विकास निगम के एमडी भरत यादव छिंदवाड़ा कलेक्टर बनाए गए है। वहीं शहडोल कलेक्टर ललित दाहिमा को उपसचिव मंत्रालय बनाया गया है। उनके स्थान पर संचालक भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास शेखर वर्मा को शहडोल कलेक्टर बनाया गया है। दोनों की चुनाव आयोग में शिकायत हुई थी। छिंदवाड़ा कलेक्टर ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के हेलीकॉप्टर को शाम छह बजे उड़ने की अनुमति नहीं दी थी। जबकि मुख्यमंत्री कमलनाथ के हेलीकॉप्टर को शाम छह बजे के बाद उड़ने की अनुमति दी गई थी। वहीं शहडोल कलेक्टर ललित दाहिमा ने मंत्री ओंकार सिंह मरकाम के साथ आचार संहिता लागू होने के दौरान आधी रात को बैठक ली थी।