बैंक मैनेजर की पत्नी ने मासूम बच्चे के साथ कर ली सुसाइड
रायपुर। नवा रायपुर सेक्टर-29 में शनिवार शाम एक बैंक मैनेजर की पत्नी ने अपने डेढ़ साल के बच्चे को फंदे में लटकाकर खुद भी खुदकुशी कर ली। घटना के समय घर में कोई नहीं था। शाम को जब पति और ससुर लौटे तो बेडरूम में बच्चे और महिला को फंदे से लटके हुए देखा। घटना के बाद महिला का पति सदमे में है। पुलिस ने कमरा सील कर दिया । शनिवार को रात होने के कारण रविवार को पीएम किया जा रहा। प्रारंभिक जांच में खुदकुशी का कारण पता नहीं चल पाया है। कमरे में कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि जंगल सफारी में पदस्थ डिप्टी रेंजर अंतयार्मी साहू का सेक्टर-29 में मकान है। उनका बेटा तरुण साहू बैंक आॅफ बड़ौदा में मैनेजर है। शनिवार को तरुण की छुट्टी थी। वो अपने दोस्त का मकान शिफ्ट कराने चला गया। डिप्टी रेंजर भी भोजन के बाद ड्यूटी पर चले गए। घर में तरुण की पत्नी नम्रता (28) और डेढ़ साल का बेटा रुद्रांश थे। शाम को जब घर लौटे तो देखा कि रुद्रांश खिड़की के ग्रिल और नम्रता पंखे से लटकी हुई थी।
बच्चे को खिड़की में फंदे से लटकाया। उसी फंदे को पंखे में फंसाकर खुद झूल गई। मायके वालों ने भी प्रारंभिक जांच में किसी तरह के विवाद से इंकार किया है। पुलिस के अनुसार परिजन सदमे में है, कोई बात नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए अभी खुदकुशी का कारण पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने नम्रता का मोबाइल जब्त कर लिया है।