बेटा और गर्भवती बहू ने मिलकर दबाया मां का गला, जानें क्या है पूरा मामला

मनियारी 
बिहार के मनियारी थाना के बलरा इस्माइल में घरेलू विवाद में बेटा व बहू ने मां की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। मृतका स्व. विनोद सिंह की पत्नी आशा देवी (50) थी। रविवार सुबह हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना पर मनियारी पुलिस गांव पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। वहीं पुत्र विकास कुमार व बहू सुमन कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित के मामा वैशाली जिला के गोरौल निवासी धीरेन्द्र कुमार सिंह ने हत्या की एफआईआर दर्ज करायी है। इसमें मृतका के पुत्र व बहू को नामजद किया गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार को दिन से ही मां के साथ बेटा व बहू का विवाद चल रहा था। रात में मारपीट भी हुई। आरोप है कि इसी बीच बहू व बेटे ने मिलकर मां की गला दबाकर हत्या कर दी। घर में सास बहु व पुत्र के अलावा कोई नहीं था।
 

रविवार की सुबह घटना की जानकारी गांव में आग की तरह फैल गई। इसकी जानकारी पुलिस व मृतका के भाई को दी गई। पुलिस के प्रारंभिक पूछताछ में पुत्र विकास ने बताया कि वह शहर के एक दुकान में काम करता है। उसे एक वर्ष की बेटी है। पत्नी गर्भवती भी है। मां साथ उसकी पत्नी का झगड़ा रहता था। शनिवार की रात भी विवाद हो रहा था। मौत कैसे हुई उसे पता नहीं। पुलिस मौत का कारण जानने का काफी प्रयास की। लेकिन आरोपित ने इस सबंध में कुछ स्पष्ट नहीं बताया। 
 
मनियारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि हत्या की धाराओं में बेटे व बहू पर एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। महिला के साथ उसकी एक वर्ष की पुत्री भी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि मृतका को तीन पुत्र है। दो पुत्र बाहर रहते हैं। महिला बड़े बेटे व बहू के साथ गांव में रहती थी। हत्या के कारण को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा थी।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *