बिहार विधानसभा चुनाव: सीएम नीतीश से मिले बिहार भाजपा प्रभारी, हुई चुनावी चर्चा

पटना 
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बिहार भाजपा प्रभारी सांसद भूपेन्द्र यादव ने मुलाकात की। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल के साथ सीएम की मुलाकात लगभग एक घंटे तक चली।

बीते दिनों लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान से दिल्ली में मुलाकात के बाद सीएम से भूपेन्द्र की यह मुलाकात अहम मानी जा रही है। बताया जाता है कि बिहार दौरे पर आए भूपेन्द्र ने इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल कोटे की मनोनयन वाली विधान परिषद की 12 सीटों पर विशेष रूप से चर्चा की। इन सीटों में भाजपा, जदयू और लोजपा के खाते में कितनी-कितनी सीटें जाएं, इस पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि इन सीटों पर मनोनयन के लिए नामों पर चर्चा की गई। संभावना है कि जल्द ही मनोनयन कोटे का नाम राजभवन को भेजा जाएगा। भाजपा कोटे से नामों पर भी पार्टी नेताओं ने विमर्श किया। 

जानकारी के मुताबिक उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक समीकरण का खासा ख्याल रखा जा रहा है, ताकि आगामी विधान सभा चुनाव में इसका कोई प्रतिकूल असर नहीं हो। मुलाकात के दौरान बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव पर भी चर्चा हुई। कोरोना काल में एनडीए कैसे चुनावी मैदान में जाए, इस पर विशेष रूप से बातचीत हुई। भाजपा नेताओं के अनुसार पार्टी की मंशा है कि वह लोकसभा चुनाव की तर्ज विधानसभा चुनाव लड़े। यानी, जिस तरह जदयू और भाजपा बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लड़ी थी, उसी तर्ज पर विधानसभा में भी सीटों का बंटवारा हो। 

पिछले फॉर्मूलों को दरकिनार कर ही भाजपा और जदयू ने लोस चुनाव लड़ा था। हालांकि यह भी तय माना जा रहा है कि गठबंधन की कीमत पर यह समझौता नहीं होगा। भाजपा की मंशा है कि सीटों के बंटवारे के चक्कर में  गठबंधन पर कोई आंच न आए। इसलिए सीटों का बंटवारा का अंतिम फैसला भाजपा आलाकमान ही तय करेगा। वहीं, दिन में भूपेन्द्र यादव ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्र व राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं पर विस्तार से चर्चा कर उसे जनता के बीच पहुंचाने को कहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *