बिहार में पांच विधानसभा व एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव 21 अक्टूबर को

 पटना 
बिहार की पांच विधानसभा सीटों किशनगंज, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा, नाथनगर एवं बेलहर तथा एक लोकसभा संसदीय सीट समस्तीपुर के लिए 21 अक्टूबर को उपचुनाव होगा। शनिवार को दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने इसकी घोषणा की। 23 सितंबर को उपचुनाव को लेकर अधिसूचना जारी होगी।

इन सीटों के लिए कल से शुरू होगा नामांकन
23 सितंबर से ही नामांकन भी शुरू हो जाएगा। 30 सितंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। एक अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच व तीन अक्टूबर तक नाम वापसी होगी। वहीं, 21 अक्टूबर को मतदान एवं 24 अक्टूबर को चुनाव परिणाम जारी होगा। जानकारी के अनुसार उप चुनाव को लेकर बिहार के सात जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है। दरभंगा में समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के दो विधानसभा क्षेत्र होने के कारण आदर्श आचार संहिता लागू हुई है।

उपचुनाव में विस प्रत्याशी के खर्च की सीमा 28 लाख
अरोड़ा ने कहा कि उपचुनाव में विधानसभा के प्रत्याशी के लिए खर्च की अधिकतम सीमा 28 लाख होगी। चुनाव आयोग खर्च पर नजर रखेगा। उन्होंने प्रत्याशियों से चुनाव प्रचार में प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने की अपील की।

चार विधानसभा सीटें जदयू और एक कांग्रेस के पास थी
बिहार में उपचुनाव वाली सीटें विधायकों के सांसद बनने एवं एक सांसद की मृत्यु के कारण रिक्त हुई हैं। समस्तीपुर संसदीय सीट लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान के निधन के कारण रिक्त हुई है। जबकि किशनगंज से कांग्रेस के विधायक मो. जावेद अब लोकसभा पहुंच चुके हैं। इसी तरह जदयू की तरफ से बांका की बेलहर सीट से गिरधारी यादव, नाथ नगर से अजय मंडल, दरौंदा से कविता सिंह और सिमरी बख्तियारपुर से दिनेशचंद्र यादव विधायक चुने गए थे, जो अब सांसद बन चुके हैं। यानी इनमें चार विधानसभा सीटें जदयू और एक कांग्रेस के खाते में थी।

जदयू ने भाजपा व लोजपा को पराजित कर जीती थी सीटें
2015 के चुनाव में किशनगंज विधानसभा सीट पर मो. जावेद (66522 वोट हासिल) ने भाजपा की स्वीटी सिंह को 8609 वोट से हराया था। वहीं, सिमरी बख्तियारपुर में जदयू के दिनेशचंद्र यादव (78514 वोट हासिल) ने लोजपा के यूसुफ सलाउद्दीन को 37806 वोट से हराया था। तो, दरौंदा से जदयू की कविता सिंह (66255 वोट हासिल) ने भाजपा के जितेंद्र स्वामी को 13222 वोट से पराजित किया था। वहीं, नाथनगर से जदयू प्रत्याशी अजय कुमार मंडल (66485 वोट हासिल) ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी लोजपा के अमरनाथ प्रसाद उर्फ अमर सिंह कुशवाहा को 7825 वोट से हराया था। बेलहर विधानसभा सीट से जदयू प्रत्याशी गिरिधारी यादव (70348 वोट हासिल) ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के मनोज यादव को 16191 वोटों से पराजित किया था। उस दौरान जदयू महागठबंधन का हिस्सा था, जबकि भाजपा व लोजपा एनडीए के हिस्सा थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *