बालोद में मोदी का कांग्रेस पर हमला, कहा- चौकीदार की सरकार चाहिए या भ्रष्टाचारियों की बारात

बालोद
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि आपको चौकीदार की सरकार चाहिए या भ्रष्टाचारियों की बारात चाहिए। मोदी ने कहा, आज कांग्रेस के खिलाफ मजबूत आक्रोश दिख रहा है। इसका कारण उनकी नीति ही है। वहीं, भाजपा के शासन ने छत्तीसगढ़ से नक्सली हिंसा को दूर करने का एक सफल प्रयास किया है। हम छत्तीसगढ़ और देश के लाखों सपूतों को बंदूक और बम की बर्बादी से बाहर निकालने में जुटे हैं।

पीएम मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि नामदार ने जिस सीट को अपनी वसीयत मान लिया था, वहां से भी पलायन कर गए हैं। अभी तो चुनाव का रंग जमा ही है, और ये सीट छोड़कर भाग रहे हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस की नीयत में खोट है, इसलिए दलालों और बिचौलियों का एक पूरा संसार इन्होंने विकसित किया है। नीयत में खोट है, इसलिए हेलीकॉप्टर की खरीदारी में भी दलाली खाने से भी ये बाज़ नहीं आए।

पीएम मोदी ने कहा कि आपको चौकीदार की सरकार चाहिए या भ्रष्टाचारियों की बारात चाहिए। बीजेपी की सरकार ने छत्तीसगढ़ से नक्सल हिंसा को समाप्त करने का मजबूत प्रयास किया है। कुछ दिन पहले ही कांकेर में हमारे जवान शहीद हुए हैं। कांग्रेस को इसकी परवाह नहीं है। कांग्रेस ने अपने ढकोसला पत्र में कहा कि जवानों को जो एक विशेष कवच मिला है, उसे हटाने की बात कही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके साथी मजबूर सरकार बनाना चाहते हैं और हम मजबूत सरकार बनाना चाहते हैं। जब मजबूत सरकार होती है तो सर्जिकल और एयर स्ट्राइक होती है। देशहित में निर्णय होते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम चुनाव लड़ रहे हैं, आतंकियों अलगाववादियों को उनके किए की सजा देने के लिए। कांग्रेस देश लुटने के लिए चुनाव लड़ रही है। हम देश की पाई-पाई का उपयोग करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में आपके आशीर्वाद से प्रधान सेवक के रूप में काम करने का मौका मिला। जिनको पांच साल पहले नामुमकिन माना जाता था, वो आज मुमकिन हो गया है। देश के सामने एक तस्वीर स्पष्ट है। ये तस्वीर है नीति कि नियत की। कांग्रेस चुनाव अपनी पार्टी को चुनाव जिताने के लिए और हम चुनाव देश को जिताने के लिए लड़ रहे हैं। कांग्रेस और उसके साथी देश की सेना को कमजोर करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं और हम सेना को मजबूत करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *