बलबीर सिंह के निधन पर एएचएफ ने जताया शोक, लिखा- पीछे छोड़ गए हैं विरासत

नई दिल्ली 
एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) ने सोमवार को महान हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर शोक व्यक्त किया। महासंघ ने साथ ही कहा कि तीन बार के ओलिंपिक स्वर्ण पदकधारी को उनके समर्पण और खेल में उनके योगदान के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। बलबीर सिंह सीनियर का सोमवार को 96 वर्ष की उम्र में मोहाली में निधन हो गया। एएचएफ के मुख्य कार्यकारी तैयब इकराम ने एक बयान जारी कर कहा, ‘हमें पद्मश्री बलबीर सिंह के निधन की खबर मिली, बहुत दुख हुआ। भारत में और वैश्विक हॉकी एरिना में बलबीर सिंह को निश्चित रूप से उनके समर्पण और फील्ड हॉकी में उनके योगदान के लिए याद रखा जाएगा।’ उन्होंने साथ ही कहा, ‘बलबीर सिंह सीनियर अपने पीछे एक विरासत छोड़ गए हैं जिसे हमेशा ही याद रखा जाएगा और यह उभरती प्रतिभाओं के लिए प्रकाश पुंज का काम करेगी। एशियाई हॉकी परिवार मेरे साथ उनके निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है। हमने इतने महान हॉकी खिलाड़ी को खो दिया।' एक शानदार हॉकी खिलाड़ी के रूप में खुद को स्थापित करने के बाद बलबीर सिंह भारतीय हॉकी टीम के कोच भी रहे। वह वर्ल्ड कप-1971 में ब्रॉन्ज और वर्ल्ड कप-1975 जीतने वाली भारतीय टीम के मुख्य कोच थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *