बजरंग पूनिया को मिला खेल जगत का सर्वोच्च सम्मान, रिजिजू ने खेल रत्न अवॉर्ड से किया सम्मानित

मुंबई
भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया को बुधवार को राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। खेलमंत्री किरण रिजिजू ने उन्हें यह सम्मान देकर सम्मानित किया। यह अवॉर्ड खेल के क्षेत्र में दिया जाने वाला भारत का सर्वोच्च सम्मान है। 25 साल के पूनिया को कुश्ती के क्षेत्र में लगातार अच्छे प्रदर्शन के लिए यह अवॉर्ड दिया गया है।

बता दें कि राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में राष्ट्रपति के हाथों का देश का सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न ग्रहण करना हर खिलाड़ी का सपना होता है। मगर ओलंपिक क्वालिफाई करने के लिए पहलवान बजरंग ने अपने जीवन के इस अनमोल क्षण को त्यागने का फैसला कर अपना कद और ऊंचा कर लिया था।

16 अगस्त को राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड के लिए चुने गए बजरंग 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों खेल रत्न ग्रहण करने नहीं आए थे। बता दें कि वह कजाखस्तान में होने वाले वर्ल्ड चैंपियनशिप में व्यस्त थे।

मालूम हो कि बजरंग ने उस वक्त कहा था, 'वह अवार्ड लेने आना चाहते थे, लेकिन फिर सोचा अवार्ड तो मिल ही गया है। अगर रूस से दिल्ली गया तो ट्रेनिंग बाधित होगी। अवार्ड बाद में भी मिल जाएगा लेकिन विश्व चैंपियनशिप बाद में नहीं आएगी।' वह विश्व चैंपियनशिप के बाद खेल मंत्री किरण रिजीजू के हाथों अवार्ड ले लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *