बगलामुखी मठ में पूजा अर्चना कर दिग्विजय सिंह ने कहा व्यापमं से बड़ा ई-टेंडर घोटाला

जबलपुर
पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांगे्रस नेता दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि लोकसभा चुनाव में सभी को विधानसभा से ज्यादा मेहनत करनी है। सभी मिल जुलकर चुनाव के लिए जुट जाएं, और जिस तरह विधानसभा चुनाव में भाजपा को टक्कर दी है, उसी तरह लोकसभा में भी उसे पटखनी दें। 

दिग्विजय सिंह कल देर रात सड़क मार्ग से जबलपुर आए थे। बगलामुखी मंदिर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होने दावा किया कि ई-टेंडर घोटाला व्यापमं से भी बड़ा है। 

जबलपुर पहुंचे दिग्विजय सिंह ने मढ़ाताल स्थित बगलामुखी मठ में पूजा अर्चना की। पत्रकारों से हल्की-फुल्की चर्चा में उन्होंने कहा कि भाजपा, कमलनाथ सरकार गिराने की अफवाह फैला रही है, जबकि भाजपाई खुद असुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन से कईयों का धंधा-पानी बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को क ोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि ई-टेंडर घोटाला, व्यापमं से भी बड़ा घोटाला है। सीईआरटी की रिपोर्ट आ चुकी है। इस घोटाले में बड़े-बड़े लोग शामिल हैं। जल्द इसकी जांच होगी और कई चेहरे बेनकाब होंगे।

दिग्विजय सिंह ने सुबह कार्यकर्ताओं से कहा  कि उनकी ये धार्मिक यात्रा है। वे यहां अपने गुरु द्विपीठाधीश्वर जगदगुरू शंकराचार्य  स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज के दंड दीक्षा दिवस पर आयोजित समारोह में शिरकत करने आए हैं। सुबह पूजा-पाठ की और फिर कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद वे बोहरीबंद रवाना हो गए। उनके साथ पत्नी अमृता सिंह भी जबलपुर पहुंचीं।

दिग्विजय सिंह सुबह जबलपुर से रवाना होकर बोहरीबंद स्थित कूड़न गांव पहुंचे। यहां उन्होंने गृहस्थ संत पं. देवप्रभाकर शास्त्री दद्दाजी का आशीर्वाद लिया। बताया जा रहा है कि दद्दाजी का स्वास्थ्य थोड़ा नासाज है, इस कारण दिग्विजय सिंह उनकी कुशलक्षेम पूछने गए हैं। 

दिग्विजय सिंह आज दोपहर बाद बगलामुखी मंदिर पहुंचकर सूर्य अर्चन और अनुष्ठान करेंगे। इसके बाद वे मानसभवन में आयोजित शंकराचार्य दंड दीक्षा महोत्सव में शामिल होंगे। शाम को उनके कई और भी कार्यक्रम है। इन सभी में शिरकत करने के बाद दिग्विजय सिंह दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *