फेसबुक लाइव पर खुदकुशी, दोस्त ने दी पुलिस को जानकारी

 
नई दिल्ली 

दिल्ली के शाहदरा इलाके में रविवार को फेसबुक लाइव के दौरान खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। खुदकुशी करने वाला शख्स डीएमआरसी का कर्मचारी था। कई लोगों ने इस दौरान उसकी खुदकुशी को लाइव देखा और उनमें से एक व्यक्ति ने इसकी जानकारी उसके दोस्त को दी जिसने सुबह 9 बजे पीसीआर को कॉल किया। 
कॉल करने वाले शख्स ने बताया कि छोटे बाजार मेट्रो स्टेशन के नजदीक एक फ्लैट में उसके दोस्त ने फंदे पर टंगकर खुदकुशी कर ली। इसके बाद एसआई धीर सिंह शाहदरा के तेलीवाड़ा स्थित फ्लैट में पहुंचे जहां कॉल करने वाला शख्स सूर्यकांत दास और मृतक व्यक्ति के मकान मालिक संजय अरोड़ा पहले से मौजूद थे। 

सूर्यकांत ने पुलिस को बताया कि पश्चिम बंगाल का शुभांकर चक्रबर्ती (27) उस बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर रहता था। घटना के वक्त घर अंदर से बंद था। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और शुभांकर का शव बरामद किया। इसके बाद क्राइम टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। शुभांकर का फोन कमरे की खिड़की पर मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। हालांकि, घटनास्थल से कोई सूइसाइड नोट नहीं मिला है। घटना की जानकारी परिवार को दे दी गई है। 

सूर्यकांत दास ने पुलिस को बताया कि उसके दोस्त आकाश ने बताया कि उसने अपने मोबाइल फोन पर सुबह 8 बजे शुभांकर की खुदकुशी का लाइव विडियो देखा। सूर्यकांत ने इसके बाद यह जानकारी एक और दोस्त राजेंद्र ओझा को दी और वे शुभांकर के घर पहुंचे जो कि अंदर से बंद था। फिर उन्होंने खिड़के से उसके कमरे में देखा। उन्हें शुभांकर का शव फंदे से टंगा दिखाई दिया। 

इसके बाद सूर्यकांत ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। शुभांकर डीएमआरसी में पिछले 2-3 महीने से मेंटेनर का काम कर रहा था वह अपने परिवार का एकलौता बेटा था। उसके परिवार में उसकी एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है जबकि उसकी मां की 16 साल पहले मौत हो चुकी है। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *