फेसबुक पर छेड़छाड़ का वीडियो वायरल के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

बांका 
बिहार के बांका में सोशल मीडिया पर बाइक पर युवक के साथ पीछे बैठी महिला से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई। वीडियो को देखकर जहां लोग आक्रोश व्यक्त करने लगे वहीं पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए छेड़छाड़ कर रहे पांच में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दरअसल बीते शुक्रवार की शाम में फेसबुक पर बाइक पर युवक के साथ पीछे बैठी एक महिला के साथ छेड़छाड़ कर रहे पांच युवकों का वीडियो वायरल हुआ। इसे देख लोग आक्रोशित होने लगे। पुलिस सुत्रों ने बताया कि वायरल वीडियो को पटना में पुलिस के आलाधिकारियों ने भी देखा और बांका पुलिस को दोषियों को जल्द पकड़ने का निर्देश दिया। हरकत में आई बांका पुलिस ने थोड़ी ही देर में दोषियों को पकड़ने की रणनीति बनाई। इसके बाद अमरपुर के अलावा तीन थानों की पुलिस आरोपियों को पकड़ने निकली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस मंझगांव पंहुची और वहां से एक आरोपी को गिरफ्तार किया वहीं दो आरोपी पतवैय गांव से गिरफ्तार हुए। एक अन्य आरोपी जो शराब के नशे में धुत लग रहा था और वीडियो में बाइक सवार से रुपये की मांग करता दिख रहा था वह परिवार समेत घर से फरार हो गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मामले में अभी तक पुलिस कुछ कहने से बच रही है। इधर एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *