प्रॉपर्टी बेचने से नाराज छोटे भाई ने बड़े को मार डाला

 
नई दिल्ली

भाभी और दो भतीजों की परवरिश पर ध्यान ना देना, दूसरी औरतों के साथ अवैध संबंध रखने और घर की काफी प्रॉपर्टी बेच देने से बौखलाए छोटे भाई ने बड़े की हत्या कर दी। द्वारका जिले के जाफरपुर कलां थाना एरिया में हुई हत्या की यह वारदात 2 मई की दोपहर बाद हुई थी। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। 
 
द्वारका जिले के डीसीपी एंटो अल्फोंस ने बताया कि आरोपी का नाम मनोज यादव (34) है। उसके खिलाफ पब्लिक सर्वेंट के ऊपर हमला करने, दंगे और आर्म्स एक्ट के करीब 4 केस पहले से दर्ज हैं। उसके पास से पुलिस ने पॉइंट 32 बोर की एक पिस्टल और कारतूस बरामद किया है। उसी पिस्टल से मनोज ने अपने बड़े भाई शिव कुमार की 3 गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। 

हत्या घर में ही की गई थी। उस वक्त घर में शिव की पत्नी, बच्चे और पिता भी थे। मामले में शिकायतकर्ता मृतक शिव की पत्नी शीला यादव हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी आंखों के सामने मनोज ने उनके पति की गोली मारकर हत्या कर दी। मनोज को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस ने सबूत जुटाकर तफ्तीश शुरू की। सूचना मिलने पर आरोपी मनोज यादव को शुक्रवार रात जाफरपुर कलां गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से वह पिस्टल भी मिल गई, जिससे हत्या की गई थी। 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका बड़ा भाई अपनी पत्नी और बच्चों पर ध्यान नहीं दे रहा था। किसी और महिला से उसके अवैध संबंध थे। आए दिन परिवार में झगड़ा होता था। उसने काफी प्रॉपर्टी भी बेच डाली थी। 3 मई की दोपहर बाद घर में इसी बात पर झगड़ा हो रहा था। उसने गुस्से में आकर बड़े भाई पर गोलियां चला दीं। बताया जाता है कि दोनों भाइयों का आपराधिक बैकग्राउंड रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *