प्रियंका गांधी के बेटे रेहान पहली बार वोट देने से चूके, जानिए क्या है वजह

नई दिल्ली 
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा  और रॉबर्ट वाड्रा  के पुत्र 19 वर्षीय रेहान रविवार को लंदन में होने के कारण वोट नहीं दे सके। रेहान पहली बार के मतदाता   थे। दिल्ली में छठे चरण के मतदान के दौरान प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के साथ रविवार को रेहान के नहीं दिखने पर प्रियंका गांधी ने बताया कि रेहान वोट नहीं डाल सकते, क्योंकि वह लंदन गए हैं। रेहान और उनकी बहन मिराया, अमेठी में मामा राहुल गांधी के 10 अप्रैल के रोडशो में अपने माता-पिता के साथ थे। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया था।

 मालूम हो कि लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान रविवार को 59 सीटों पर संपन्न हुआ। इस चरण में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और छह राज्यों की 59 सीटों पर 63 फीसदी से अधिक वोट पड़े। इस चरण में उत्तरप्रदेश में 14 सीटों, हरियाणा की दस सीटों, बिहार, मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल में आठ – आठ सीटों, झारखंड में चार सीटों और दिल्ली में सात सीटों पर वोट डाले गए। दिल्ली में वोट डालने वाली प्रमुख हस्तियों में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज शामिल हैं।
 
मतदान के साथ ही 543 लोकसभा क्षेत्रों में से करीब 89 फीसदी सीटों पर चुनाव संपन्न हो गए जबकि शेष 59 सीटों पर 19 मई को चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने विभिन्न राज्यों और दिल्ली में 63.48 फीसदी मतदान की घोषणा की, वहीं पश्चिम बंगाल में 80 फीसदी से अधिक वोट पड़े जबकि राष्ट्रीय राजधानी में महज 60.21 फीसदी मतदान हुआ। 2014 में यह 63.37 प्रतिशत था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *