प्रदेश में एक अक्टूबर से मनेगा वन्य-प्राणी सप्ताह

भोपाल

प्रदेश में ए‍क अक्टूबर से सात अक्टूबर तक वन्य-प्राणी सप्ताह मनाया जायेगा। इस दौरान वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सप्ताह का शुभारंभ एक अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे वन विहार वीथिका में चित्रकला प्रतियोगिता से होगा। इसमें पहली से चौथी कक्षा तक के विद्यार्थी 'मेरा प्रिय वन्य-प्राणी', 5वीं से 8वीं कक्षा तक के विद्यार्थी 'भोपाल का प्राकृतिक सौन्दर्य', 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी 'हमारा राष्ट्रीय वन्य-प्राणी प्राकृतिक आवास में' तथा कॉलेज के विद्यार्थी 'राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटन' और डिफरेंटली एबल्ड विद्यार्थी 'अपनी पसंद' के चित्र बनायेंगे। इसी दिन सुबह 10:45 बजे वन्य-प्राणी फोटो प्रतियोगिता का शुभारंभ भी होगा।

दूसरे दिन 2 अक्टूबर को सुबह 6 से 8:30 बजे तक पक्षी अवलोकन एवं जैव विविधता शिविर और सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक युवा संसद होगी। तीन अक्टूबर को सुबह 6:00 से 8:30 बजे तक पक्षी अवलोकन और जैव विविधता शिविर तथा सुबह 10:30 बजे से 'वन्य-प्राणी संरक्षण में शिक्षकों की भूमिका' पर शिक्षक कार्यशाला होगी। सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालयीन और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिये 'वन विहार के वन्य-प्राणी' विषय पर फोटोग्राफी कार्यशाला और प्रतियोगिता होगी।

शुक्रवार 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से स्कूली बच्चों के लिये सृजनात्मक कार्यशाला और दोपहर 12 बजे से अनुपयोगी सामग्री से तैयार किये गये वन्य-प्राणी उत्पाद की प्रतियोगिता होगी। पाँच अक्टूबर को सुबह 6 से 8:30 बजे तक पक्षी अवलोकन एवं जैव विविधता शिविर, सुबह 9 से 11 बजे तक रंगोली प्रतियोगिता, पूर्वान्ह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक पॉम पेन्टिंग और दोपहर 1 से 2 बजे तक मेंहदी प्रतियोगिता होगी। रंगोली, पॉम पेंटिंग और मेंहदी प्रतियोगिता में कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है। छठवें दिन सुबह 6 से 8:30 बजे तक पक्षी अवलोकन एवं जैव विविधता शिविर के अलावा दोपहर एक बजे से 'प्रकृति और वन्य-जीवन' पर क्विज होगा।

वन्य-प्राणी सप्ताह का समापन 7 अक्टूबर को वन्य-प्राणियों पर आधारित फैन्सी ड्रेस और फेस पेंटिंग प्रतियोगिता के बाद पुरस्कार वितरण समारोह से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *