प्रदेश अध्यक्ष बनते ही दिखा संजय का तेवर, दिया 2020 में जीत का मंत्र

 पटना 
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने बुधवार को पदभार ग्रहण कर लिया। प्रदेश कार्यालय में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार  संभाला। 

प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में डॉ. जायसवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तुलना में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए का प्रदर्शन और बेहतर होगा। भाजपा का एक ही लक्ष्य 2020 का बिहार चुनाव है। अब तक के सभी रिकॉर्ड हम ध्वस्त करेंगे। हर कार्यकर्ता इस लक्ष्य को पूरा करेगा। प्रदेश अध्यक्ष बनने पर कहा कि अब तक जो भी जिम्मेवारी मिली है, उस पर खरा उतरने की कोशिश किया है और आगे भी करूंगा। भरोसा दिया कि किसी कार्यकर्ता की उपेक्षा नहीं होगी। 

नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यही कारण रहा कि बतौर प्रदेश अध्यक्ष कभी भी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि पार्टी का कोई कार्यक्रम या अभियान सफल नहीं होगा। मंत्री अश्विनी चौबे, डॉ. प्रेम कुमार व मंगल पांडेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेणु देवी ने भी विचार रखे। संचालन सुशील चौधरी ने किया। 
मौके पर संगठन मंत्री नागेन्द्र, श्रम मंत्री विजय कुमार सिन्हा, नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा, विधायक नितिन नवीन सहित पार्टी के सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष सहित अन्य नेता मौजूद थे। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना आए डॉ. जायसवाल का एयरपोर्ट से लेकर प्रदेश कार्यालय आने तक गाजे-बाजे व पटाखों से स्वागत किया गया। 

समारोह में उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव पर कहा कि मैदान खाली है। विरोधियों का हौसला पस्त है। महागठबंधन टूट चुका है। एक-दो फीसदी वोट के अंतर से परिणाम बदल जाता है। लोकसभा में एनडीए और यूपीए के वोट में 21 फीसदी का अंतर रहा है। इसलिए एनडीए तीन-चौथाई सीटों से विस चुनाव जीतेगा। कहा कि 50 साल में कोई एक-दो महत्वपूर्ण निर्णय होते हैं, लेकिन साहसी और बड़ा कलेजा रखने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने साढ़े पांच साल के कार्यकाल में ही तीन तलाक, अनुच्छेद 370, सर्जिकल स्ट्राइक, नोटबंदी, जीएसटी जैसे ऐतिहासिक काम किए। डॉ. जायसवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर कहा कि चम्पारण से भाजपा के 13 विधायक हैं। पार्टी ने सोच-समझकर इन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *