पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी के विरोध में कांग्रेस हर जिला में सड़कों पर उतरी

भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी के विरोध में आज कांग्रेस हर जिला और ब्लॉक मुख्यालय पर सड़कों पर उतरी। भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और इंदौर में पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 74 बंगले स्थित घर का घेराव करने के लिए जाने लगे। कुछ दूरी पर न्यू मार्केट में पुलिस ने इन्हें रोक दिया।  दिग्विजय सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा कि 2008 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंत्रालय तक साइकिल चलाकर पेट्रोल-डीजल के बढ़ी हुई कीमतों का विरोध करते थे। अब पेट्रोल 80 रुपए से ज्यादा हो गया है। ऐसे में उन्हें भी हमारे साथ साइकिल चला कर पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ रही कीमतों के खिलाफ आवाज बुलंद करना चाहिए।

वहीँ ग्वालियर में जिला कांग्रेस कमेटी ने आज पेट्रोल – डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ एक साइकिल रैली निकाली। यह रैली फूलबाग से शुरू होकर मोतीमहल स्थित संभागीय कार्यालय पहुंची जहां उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

तो जबलपुर में पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों को लेकर कांग्रेस ने आज विरोध जताया। पार्टी के प्रदेश व्यापी धरना-प्रदर्शन के तहत जबलपुर के सिविक सेंटर में नगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में एकत्र हुए कांग्रेसियों का प्रदर्शन खबर लिखे जाने तक जारी था। नगर अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि ऐसे समय में जबकि देश-दुनिया कोरोना के कारण परेशान है, तब भाजपा सरकार को कमाई की सूझ रही है। जनता को राहत देने की बजाय ये सरकार उन्हें आफत में डाल रही है। कांग्रेसजनों ने कहा कि यदि अविलंब मूल्य वृद्धि वापस न ली गई तो कांग्रेस लगातार आंदोलन करेगी। धरना में नगर कांग्रेस अध्यक्ष के अलावा सेवादल अध्यक्ष सतीश तिवारी,झल्लेलाल जैन, टीकाराम कोष्टा आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *