पांच मंत्रियों का बढ़ा कद, जानें कौन हैं वो

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले मंत्रिमंडल विस्तार में बुधवार को 23 मंत्रियों ने शपथ ली। इसमें छह को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई। कैबिनेट मंत्रियों में चार ऐसे राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार हैं, जिनका कद बढ़ाते हुए उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। कैबिनेट मंत्री के रूप में दो नए चेहरे शामिल किए गए हैं। वहीं डा. महेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह चौधरी, अनिल राजभर, सुरेश राणा और नीलकंठ तिवारी का कद बढ़ाया गया है। यह पहले राज्यमंत्री थे अब राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाए गए है।

इसके अलावा छह राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 11 राज्यमंत्रियों ने शपथ ली। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल विस्तार में जहां युवा चेहरों को तरजीह दी है। वहीं जातीय व क्षेत्रीय संतुलन का भी पूरा ख्याल रखा है। सबसे ज्यादा (10) पिछड़ों व दलितों को मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी दी गई है। तीन क्षत्रिय विधायक मंत्री बने हैं जबकि छह ब्राह्मणों को मंत्री बनाया गया है।
 
बुधवार की सुबह आठ बजे से ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर मंत्रियों का आना शुरू हो गया। एक-एक कर शपथ लेने वाले मंत्री मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। पांच कालिदास मार्ग स्थित सीएम आवास पर उनका स्वागत किया गया और बधाई देते हुए शपथ लेने के लिए राजभवन पहुंचने को कहा गया। सभी मंत्रियों ने एक-एक कर मुख्यमंत्री व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद लिया और राजभवन की ओर निकल गए।

मुख्यमंत्री ने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संभाल रहे चार मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री के रूप में प्रोन्नत किया है। इसमें मुख्य रूप से ग्राम्य विकास मंत्री डा. महेंद्र सिंह, गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा, ग्रामीण अभियंत्रण मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, अनिल राजभर के अलावा दो नए चेहरों राम नरेश अग्निहोत्री और श्रीमती कमला रानी वरुण को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देकर शपथ दिलाई गई।
 
स्वतंत्र प्रभार वालों में सूचना मंत्री वाराणसी से डा. नीलकंण तिवारी, कपिल देव अग्रवाल, सतीश द्विवेदी, एमएलसी अशोक कटारिया, श्रीराम चौहान, वाराणसी उत्तरी से रवींद्र जायसवाल शामिल हैं। उन्हें स्वतंत्र प्रभार की शपथ दिलाई गई।
 
राज्यमंत्री बनने वालों में अनिल शर्मा, महेश गुप्ता, आनंद स्वरूप शुक्ला, विजय कश्यप, डा. गिर्राज सिंह धर्मेश, लाखन सिंह राजपूत, नीलिमा कटियार, चौधरी उदयभान सिंह, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय रमाशंकर सिंह पटेल और अजीत सिंह पाल प्रमुख हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *