पश्चिम बंगाल कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के कारण अमित शाह का MP दौरा रद
भोपाल
पश्चिम बंगाल में मंगलवार को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद का असर एमपी के चुनाव प्रचार में भी पड़ गया है। मालवा-निमाड़ के आखिरी रण में अंतिम समय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का मनावर और अलीराजपुर दौरा निरस्त अचानक निरस्त हो गया है। अब उनकी जगह पर केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी इन दोनों जगहों पर सभाओं को संबोधित करेंगे।
गौरतलब है कि मंगलवार को कोलकाता में अमित शाह के रोड शो में हुए हंगामे और बबाल के बाद उनका आज एमपी का दौरा निरस्त किया गया है। हालांकि भाजपा ने इन सभाओं को निरस्त नहीं किया है, शाह की जगह पर अब नितिन गड़करी इन सभाओं को संबोधित करेंगे।
अमित शाह आज झाबुआ और धार लोकसभा क्षेत्र में दो सभाएं करने वाले थे। मालवा में एक बार फिर से पिछले चुनाव का परिणाम पाने के लिए अमित शाह की आज दो सभाएं रखी गई थी, उनकी पहली सभा धार लोकसभा क्षेत्र के मनावर में मेला मैदान में थी, जबकि दूसरी सभा दोपहर में झाबुआ लोकसभा क्षेत्र के अलीराजपुर में टंकी ग्राउंड पर थी। इन दोनों सभाओं में शाह के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह भी साथ रहने वाले थे। अब इन दोनों सभाओं को गड़करी संबोधित करेंगे। उनके साथ राकेश सिंह भी रहेंगे। इसके बाद वे रतलाम-झाबुआ के नामली में सभा को संबोधित करेंगे।
इधर मुख्यमंत्री कमलनाथ आज झाबुआ लोकसभा क्षेत्र में दो सभाएं करेंगे। पहली सभा उनकी अलीराजपुर जिले के अंबुआ में हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा किसान कर्ज माफी को लेकर झूठ परोस रही है। हमारी सरकार ने शिवराज सिंह चौहान के परिजनों का भी कर्ज माफ किया है। इनका झूठ अब चलने वाला नहीं है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज देवास लोकसभा क्षेत्र के विजयगंज मंडी, इसके बाद वे झाबुआ लोकसभा के शिवगढ़, दोपहर में वे खंडवा लोकसभा क्षेत्र के आभापुरी और इसके बाद वे धार लोकसभा के पीथमपुर में सभा को संबोधित करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान आज मंदसौर, उज्जैन, रतलाम-झाबुआ, इंदौर लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उनकी चुनावी सभा मंदसौर के अकोदडा से शुरू हुई जो गरोठ के भानपुरा, नाहरगढ़, महिदपुर,आलोट के ताल में भी हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में अब फिर से सब लोग परेशान हो रहे है। शिवराज सिंह चौहान आज सैलाना के शिवगढ़, इंदौर के देपालपुर, उज्जैन में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो में भाग लेंगे। केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी गुरुवार को इंदौर, देवास और खंडवा लोकसभा क्षेत्र में सभाएं करेंगी।