पशुपतिनाथ की शाही सवारी में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब

मंदसौर
श्रावण के अंतिम सोमवार भगवान पशुपतिनाथ नगर भ्रमण करेंगे। भगवान पशुपतिनाथ महादेव की शाही सवारी की शाही तैयारियां रविवार को पूरी हो गई है। शाही सवारी में केरल, दिल्ली की झांकियों सहित 22 झांकियां, डीजे, बग्घी रहेंगी। शाही सवारी में एक लाख से अधिक भक्तों के आने का अनुमान है। भक्तों में उत्साह को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक तैयारियां की हैं। वहीं प्रात:कालीन मंडल ने रविवार को नगर में वाहन रैली निकाली।

शाही सवारी में कलाकार जादू बिखेरेंगे। जनप्रतिनिधि, संत एवं समाजसेवी सुबह रजत प्रतिमा का पूजन-अर्चन करेंगे। श्री पशुपतिनाथ प्रात:काल आरती मंडल के अध्यक्ष पं. दिलीप शर्मा ने बताया कि वर्षभर में एक बार ही श्रावण के अंतिम सोमवार को रजत प्रतिमा के दर्शन भक्त करते हैं। शाही सवारी में रजत प्रतिमा का पूजन-अर्चन कर विधि विधान से विराजित किया जाएगा। पश्चात भक्त शाही रथ को रस्सों से खींचकर दिनभर में महादेव को आठ किमी से अधिक मार्ग पर भ्रमण कराएंगे।

सुबह सात बजे भगवान की रजत प्रतिमा का अभिषेक पूजन किया जाएगा। शाही सवारी में दिल्ली, केरल की झांकियां, गुजरात महाराष्ट्र के बैंजो, स्व. प्रहलाद बंधवार की बाहुबली बग्घी सहित 22 से अधिक झांकियां, डीजे, ढोल पार्टी शामिल रहेंगी। महिलाएं कलश लेकर चलेंगी, बालिकाएं गरबा नृत्य एवं युवतियां कश्मीरी लोक नृत्य करेंगी। सवारी के स्वागत के लिए शहरभर में 100 से अधिक स्थानों पर तैयारियां हो चुकी है।

24 वर्ष से निकल रही है शाही सवारी

श्रावण के अंतिम सोमवार को शाही सवारी पिछले 24 वर्ष से निकल रही है। मंदिर की ख्याति के साथ ही सवारी की भव्यता भी प्रतिवर्ष बढ़ रही है। प्रारंभ के वर्षों में शाही सवारी ट्रैक्टर में एक झांकी बनाकर निकाली जाती थी। भगवान श्री पशुपतिनाथ प्रात:काल आरती मंडल के अध्यक्ष पं. दिलीप शर्मा, प्रवक्ता उमेश परमार ने बताया कि शाही सवारी का 24वां वर्ष है। इसमें शिव की पूरी बारात शामिल रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *