पटना: दिनदहाड़े रिटायर पोस्ट मास्टर की गोली मारकर हत्या

पटना                                                                                                                                                                                        
घर के सामने ही दिनदहाड़े रिटायर पोस्ट मास्टर सकलदेव सिंह (74) की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह खूनी वारदात एसके पुरी थानांतर्गत कृष्णा अपार्टमेंट के पीछे स्थित वीर कुंवर सिंह पथ में रविवार की सुबह 11 बजे हुई। मूल रूप से पटना जिले के शाहपुर चांदमारी के रहने वाले सकलदेव को अपराधियों ने सीने में दो गोलियां दागीं। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। इस घटना के बाद प्रथम दृष्टया 32 कट्ठे की जमीन को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है। वीर कुंवर सिंह पथ में भी रिटायर पोस्टमास्टर का अपना मकान है। उनके दो बेटों में एक मनीष इसी जगह मास्टर शेफ नाम से रेस्टोरेंट चलाते हैं जबकि छोटा बेटा मनोज न्यूयॉर्क में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। इधर, हत्या की खबर के बाद मौके पर पहुंचे सचिवालय डीएसपी राजेश कुमार प्रभाकर और एसके पुरी थानेदार नीरज कुमार ने छानबीन शुरू की। पुलिस अपराधियों को जल्द ही पकड़ लेने का दावा कर रही है।

सब्जी लेकर लौट रहे थे, तभी …
दरअसल सुबह के वक्त सकलदेव घर के पास से ही सब्जी लेकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे अपने गेट के समीप पहुंचे, एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोक दिया। एक ने उन्हें गौर से देखा, जबकि दूसरे ने गोली मार दी। मौके पर ही सकलदेव गिर गये। इस घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी वहां से भाग निकले। आनन-फानन में उन्हें पाटलिपुत्र इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई शूटरों की तस्वीर
शूटरों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है। एक अपराधी ने हेलमेट पहन रखा है जबकि पीछे बैठे शूटर का चेहरा कैमरे में दिख रहा है।

पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया शव
छानबीन कर रही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये पीएमसीएच भेज दिया। कानूनी प्रकिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।

नामजद अपराधियों पर दर्ज हुआ केस
पिता की हत्या के बाबत मनीष ने मूल रूप से शाहपुर के चांदमारी निवासी देवेंद्र, उसके बेटे सूरज और सोनू के अलावा गुड्डु व अन्य अज्ञातों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है। पुलिस ने नामजद आरोपितों की तलाश में उनके कंकड़बाग स्थित पोस्टल पार्क और शाहपुर स्थित घर में छापेमारी की लेकिन वे नहीं मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *