न्यू ईयर में राजधानी के लिए हवाई यात्राओं की सौगात

भोपाल
आने वाला नया साल यानी 2019 राजधानीवासियों के लिए कई सुविधाएं लेकर आने वाला है, इसमें हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी के राजा भोज एयरपोर्ट पर नए साल में एक दर्जन से अधिक नई फ्लाइटें शुरू होने जा रही है। इन फ्लाइट के चालू होने से भोपाल से सीधे लोग हैदराबाद, शिर्डी, अहमदाबाद, जयपुर, बेंगलुरू जैसे शहरों से आवागमन कर सकेंगे। अभी लोगों को ट्रेन से आवागमन करने में समय अधिक खर्च करना पड़ता है। फ्लाइट शुरू होने के कारण लोग कम समय और खर्च में आवागमन कर सकेंगे। नए साल में स्पाइस जेट और इंडिगो एयरलाइंस कंपनी अपनी सुविधाएं बढ़ाने जा रहा है।

इंडिगो एयरलाइंस 5 जनवरी से भोपाल-हैदराबाद डेली नॉन स्टॉप फ्लाइट शुरू करने जा रहा है। इसमें यात्री सुबह हैदराबाद से भोपाल के लिए  7.15 बजे उड़ान भरेंगे और 9.05 बजे भोपाल पहुंच जाएंगे। इसके बाद भोपाल से 9.30 पर हैदराबाद के लिए उड़ान भरेंगे और 11.20 पर वहां पहुंच जाएंगे। यह यात्रा 1999 रुपए में पूरी की जा सकेगी। इसके अलावा इंडिगो एयरलाइंस भविष्य में भोपाल से सीधे चेन्नई, गोवा, कोच्ची, कोलकाता और पुणे के लिए भी फ्लाइट उपलब्ध करा सकते हैं। 

स्पाइस जेट देश में अपना 50 वां डेस्टिनेशन भोपाल को बनाने जा रहा है। इसके लिए उसने कम राशि में भोपाल से कई शहरों के लिए उड़ानें उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। 6 जनवरी से भोपाल से जयपुर, शिर्डी, अहमदाबाद, बेंगलुरू और हैदराबाद फ्लाइट शुरू करने जा रही है। इसमें यात्री हैदराबाद और बेंगलुरू की यात्रा मात्र 1999 रुपए और शिर्डी 3186 रुपए में पूरी कर सकते हैं। यात्री जयपुर के लिए सुबह 8.25 बजे रवाना होंगे, जो सवा घंटे में 9.40 बजे पहुंच जाएंगे। 

भोपाल से मुंबई तक हवाई यात्रा करने के लिए 11 जनवरी से एक और फ्लाइट की सुविधा मिलने वाली है। भोपाल-मुंबई के लिए इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट शुरू कर रहा है। इस रूट पर चलने वाली यह पांचवी फ्लाइट होगी। अभी एयर इंडिया और जेट एयरवेज की दो-दो फ्लाइटस् भोपाल-मुंबई के बीच चल रही है। इंडिगो की यह फ्लाइट मुंबई से भोपाल के लिए दोपहर 3.20 बजे रवाना होगी और 4.45 बजे आएगी। फिर भोपाल से मुंबई के लिए 5.15 पर जाएगी और मुंबई 6.30 बजे पहुंचेगी।  

भोपाल से इंडिगो एयरलाइंस बेंगलुरू के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरू करने जा रहा है। कंपनी द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार यह फ्लाइट एक मार्च, 2019 से शुरू होगी। इसका समय रोजाना दोपहर 1.50 बजे बेंगलुरू से भोपाल के लिए रवाना होगी और दोपहर 3.40 बजे आएगी। फिर दोपहर 4.10 बजे भोपाल से वापस उड़ान भरकर शाम छह बजे बेंगलुरू पहुंचेगी। हवाई यात्रा के माध्यम से यात्री करीब दो घंटे में अपनी यात्रा पूरी कर लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *