नौतपा में लू चलने के आसार, मध्‍य प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर

भोपाल

मौसम शुष्क होने के कारण राजधानी सहित प्रदेशभर में गर्मी के तेवर तीखे होने लगे हैं। इसी क्रम में कल प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस खरगोन में रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गर्मी के मिजाज अभी और तीखे होने के आसार हैं। नौतपा (25 मई से 2 जून) के दौरान राजधानी सहित प्रदेश के कुछ स्थानों पर लू चलने की भी संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के प्रवक्ता के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश के 26 स्थानों पर दिन का अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान एम्फन आसाम की तरफ बढ़ गया है।

इस तूफान का मप्र में कोई प्रभाव नहीं हुआ,लेकिन वातावरण में मौजूद नमी समाप्त हो गई। इससे प्रदेश में मौसम शुष्क हो गया है। साथ ही आसपास के राज्यों गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश में भी तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। वहां से आ रही गर्म हवाएं प्रदेश में गर्मी में इजाफा कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *