नौतपा में गर्म से बचने के लिए रोज पिएं ये टेस्टी ड्रिंक्स

खगोल विज्ञान और ज्योतिषिय गणनाओं के आधार पर जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में जाते हैं, तब 15 दिन के काल के शुरुआती 9 दिन नौतपा कहलाते हैं। इस दौरान वर्ष के सबसे अधिक गर्मीवाले दिन होते हैं। इस साल नौतपा 25 मई से शुरू हो चुका है और 2 जून तक इसका प्रकोप रहेगा। इस समय डिहाइड्रेशन से बचने और शरीर के साथ ही मन को शांत रखने के लिए किन ड्रिंक्स का उपयोग करना चाहिए यहां जानें…

सत्तू का उपयोग करें
-सत्तू प्राकृतिक रूप से ठंडा होता है। यह हमारे शरीर को पोषण, ठंडक और बीमारियों से लड़ने की ताकत देता है। गर्मी के मौसम में खासतौर पर चने का सत्तू और चावल का सत्तू उपयोग करना चाहिए।

-आप सत्तू को ताजे या ठंडे पानी में घोलकर इसमें शहद या बूरा मिलाएं और पी लें। नौतपा के दौरान जिस समय भी घर से बाहर निकलें, उससे पहले सत्तू का सेवन जरूर करें। इससे लू का असर आप पर नहीं होगा। साथ ही नौतपा की भीषण गर्मी झेलने की ताकत भी मिलेगी।

बेल का शर्बत
-बेल बहुत ठंडी होती है। इसका शर्बत बीपी हाई होने से रोकता है। गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा रखता है, पेट की जलन शांत करता है, यूरिन इंफेक्शन और डिहाइड्रेशन से भी बचाता है। गर्मी के मौसम में दिन में एक बार बेल का शर्बत जरूर पीना चाहिए।

-कब्ज की शिकायत होने पर भी बेल का शर्बत विशेषतौर पर लाभकारी होता है। हर उम्र के लोग इसका सेवन कर सकते हैं। जिन्हें डायबीटीज की शिकायत हो वे इसके जूस में शुगर का उपयोग ना करें। या फिर शर्बत ना पीकर बेल खाएं। उन्हें भी पूरा लाभ और पोषण मिलेगा। शुगर अगर बढ़ी हुई हो तो खाने का नियम डॉक्टर से जरूर पूछें।

गुड़ और छाछ
-गुड़ को गर्म प्रकृति का माना जाता है जबकि छाछ तासीर में एकदम ठंडी होती है। लेकिन गर्मी के मौसम में सुबह या दोपहर किसी भी समय गुण के साथ छाछ का सेवन करने से नौतपा की भीषण तपिश से राहत मिलती है। ध्यान रखें शुगर की जगह छाछ के साथ गुड़ का सेवन अधिक लाभकारी होता है।

-आप चाहे तो दोपहर के समय छाछ में रोटी भिगोकर खा सकते हैं। अगर नौतपा के दौरान धूप के समय घर से बाहर निकलना मजबूरी हो तो छाछ पीकर ही घर से बाहर निकलें। इससे आपको डिहाइड्रेशन, लू या लूज मोशन जैसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

नींबू पानी
-अगर आप कुछ और नहीं पीना चाहते हैं तो कम से कम हर दिन 3 से 4 गिलास नींबू पानी जरूर पिएं। ऐसा आपको नौतपा के दौरान करना है। नींबू पानी आपके शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी नहीं होने देता है। साथ ही सोडियम, ग्लूकोज और ऊर्जा का स्तर बनाए रखता है। हालांकि रात को नींबू पानी पीने से बचें, इससे गला खराब होने की आशंका रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *