नेपाल पुलिस की की अंधाधुंध फायरिंग, एक भारतीय की मौत, 2 जख्मी

सीतामढ़ी
भारत-नेपाल में सीमा को लेकर चल रहे विवाद के बीच बिहार के सीतामढ़ी से बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, जानकीनगर बॉर्डर पर नेपाल पुलिस की ओर से फायरिंग की गई है, जिसमें खेत पर काम कर रहे एक भारतीय शख्स की मौत हो गई, वहीं दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।

नेपाल पुलिस ने की अंधाधुंध फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, फायरिंग का पूरा मामला नारायणपुर और लालबन्दी बॉर्डर इलाके का है। पिपरा परसाइन पंचायत के जानकी नगर बॉर्डर पर कुछ लोग खेत में काम रहे थे। इसी दौरान नेपाल की शस्त्र पुलिस ने इन लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाना शुरू कर दिया। जिसमें जानकी नगर टोले लालबन्दी के निवासी नागेश्वर राय के 25 वर्षीय बेटे डिकेश कुमार की मौत हो गई।

एक शख्स की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
नेपाल पुलिस की फायरिंग में दो लोग घायल हुए हैं। इनमें बिनोद राम के बेटे उमेश राम को दाहिनी बांह में गोली लगी है। इनके अलावा सहोरबा निवासी बिंदेश्वर ठाकुर के बेटे उदय ठाकुर को दाएं जांघ में गोली लगी है। दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज के लिए सीतामढ़ी रेफर किया गया है। फिलहाल बॉर्डर दोनो देश की पुलिस तैनात है। सीमा पर तनाव की स्थिति नजर आ रही है। मौके पर जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी रवाना हो गए हैं।

भारत-नेपाल सीमा विवाद के बीच फायरिंग
दरअसल, नेपाल के नए नक्शे को लेकर भारत और पड़ोसी देश नेपाल के बीच घमासान जारी है। नेपाल ने अपने नए नक्शे में भारत के कई इलाके को अपना हिस्सा बताया है। उसका दावा है कि लिपुलेख, कालापानी और लिपिंयाधुरा उसके क्षेत्र में आते हैं। नेपाल ने अपना नया नक्शा भी जारी कर दिया जिसमें ये तीनों क्षेत्र उसके अंतर्गत दिखाए गए हैं। नेपाल के इस कदम से भारत के साथ उसके रिश्‍तों पर गहरा असर पड़ रहा है। भारत ने साफ कर दिया है कि वह अपनी संप्रभुता से समझौता नहीं करेगा। विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया था कि इस सीमा विवाद का हल बातचीत के माध्यम से निकालने के लिए आगे बढ़ना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *