नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मंत्री पर गाली देने का लगाया आरोप 

 पटना 
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी का एक वीडियो क्लिप जारी किया। कहा कि यह वीडियो देखने के बाद भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वो इन लोगों सदबुद्धि दें। हमें करोड़ों गालिया दें लेकिन यहां की समस्याओं पर ध्यान दें। कहा कि हमारा परिवार तो पिछले तीस सालों से ऐसे निजी हमले और दुष्प्रचार झेलते आ रहा है।  साथ ही तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम एक खुला पत्र लिखकर कहा है कि मेरे खिलाफ दुष्प्रचार कराने की जगह अगर मूल समस्याओं पर ध्यान देते तो बिहार को बहुत लाभ होता। हमारे खिलाफ गलत शब्दों को इस्तेमाल की छूट देने से आपको लाभ हो सकता है लेकिन राज्य की जनता को कुछ नहीं मिलेगा।

तेजस्वी से यही उम्मीद की जा सकती है : अशोक  
राजद सु्प्रीमो लालू प्रसाद पर दिए गए अपने बयान को लेकर राजद द्वारा विवाद खड़ा करने पर वरीय जदयू नेता एवं भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने शनिवार को पलटवार किया। उन्होंने अपने बयान का ऑरिजनल वीडियो जारी करते हुए तेजस्वी यादव पर तीखे हमले किये। वायरल वीडियो पर अशोक चौधरी ने कहा कि उन्होंने न तो कोई अपशब्द बोला है और ना ही किसी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है। आरोप लगाया कि नौवीं फेल तेजस्वी यादव से यही उम्मीद की जा सकती है। जिनका परिवार केवल गाली-गलौज की भाषा ही जानता है वह दूसरों पर वेबजह आरोप लगाते हैं। दावा किया कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ हुई है, उनके पास ऑरिजनल वीडियो भी है। उन्होंने शोषित-दलित बोला है जिसके साथ राजद ने छेड़छाड़ की है। 

तेजस्वी वीडियो घोटाला कर भ्रमित कर रहे : अंजुम  
प्रदेश जदयू प्रवक्ता अंजुम आरा ने आरोप लगाया कि तेजस्वी अब वीडियो घोटाला कर जनता को भ्रमित कर अपना स्वार्थ साधना चाहते हैं। वीडियो एडिट करवाकर एवं आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर दुष्प्रचारित करने का प्रयास किया है जो कानून के दायरे में दंडनीय अपराध है। आरोप लगाया कि तेजस्वी नकारात्मक सोच के इंसान हैं। उनके पास न नैतिकता है, न कानून का डर।

आरोप गलत 
युवा जदयू प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह सेतु ने कहा कि वीडियो फर्जी है। जो लोग जदयू नेता पर इस प्रकार का आरोप लगा रहे हैं उनकी राजनीतिक इमारत ही झूठ की बुनियाद पर खड़ी है। नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर किया है, वह एडिटेड है। तेजस्वी यादव के हर काम टेम्पर्ड होते हैं। वीडियो की तरह उनकी राजनीति भी धोखे की राजनीति है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *