नवजोत सिंह सिद्धू ने अमरिंदर कैबिनेट से दिया इस्तीफा

चंडीगढ़
क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। सिद्धू ने खुद ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी दी। ट्विटर पर उन्होंने वह पत्र भी पोस्ट किया है, जिसे उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को संबोधित करते हुए मंत्री पद से इस्तीफा दिया है। सिद्धू के मुताबिक, उन्होंने 10 जून को ही राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया था।

सिद्धू ने रविवार को एक अन्य ट्वीट में यह भी कहा कि वह जल्द ही अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को भी भेजेंगे। उधर, मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि उन्हें नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तीफा नहीं मिला है। इस्तीफे में कहा गया है कि यह तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष को भेजा गया था।

दरअसल, कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर के साथ जारी विवाद को लेकर पिछले दिनों सुर्खियों में रहे। लोकसभा चुनावों के समय से ही दोनों नेताओं में मनमुटाव चल रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने छह जून को सिद्धू से स्थानीय निकाय और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग वापस ले लिए थे और उन्हें ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग का प्रभार सौंपा था। कैबिनेट में फेरबदल के दो दिन बाद आठ जून को सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा गठित मंत्रणा समूहों से भी सिद्धू को बाहर रखा गया था।

गतिरोध के कारण नहीं संभाला था नया प्रभार
मुख्यमंत्री के साथ गतिरोध की स्थिति होने के कारण कैबिनेट फेरबदल के एक महीने बाद भी सिद्धू ने अपना नया प्रभार नहीं संभाला था। कांग्रेस नेता अहमद पटेल को सिद्धू और सिंह के बीच समस्याएं सुलझाने की जिम्मेदारी दी गई थी। सिद्धू ने पिछले महीने दिल्ली की अपनी यात्रा के दौरान पटेल से मुलाकात की थी लेकिन पार्टी ने इसे सद्भावना मुलाकात करार दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *