दोस्त ने ही किया अपहरण, 30 लाख की मांगी फिरौती, किडनैपर गिरफ्तार

नवादा                                                                                                                                                      
नवादा शहर के फिरौती के लिए अगवा राहुल कुमार उर्फ लक्ष्य राज को सकुशल बरामद कर लिया गया। अपहर्ताओं  के सरगना को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार की तड़के अपहर्ता गिरोह के सरगना चिन्टु कुमार को कौआकोल से गिरफ्तार किया गया व उसकी शिनाख्त पर राहुल को कौआकोल के भोरमबाग जंगल से बरामद कर लिया गया। 

पुलिस सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में नवादा के एसपी हरि प्रसाथ एस ने इसका खुलासा किया। इसी के साथ फिरौती के लिए अपहरण करने की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। अपहरण की इस घटना में शामिल चार अन्य अपराधियों की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। 

बता दें कि शहर के कन्हाई नगर मोहल्ले के राजीव कुमार के 14 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार उर्फ लक्ष्य राज का अपराधियों का फिरौती के लिए 22 सितम्बर को शहर से अगवा कर लिया था। उसकी रिहाई की एवज में अपहर्ताओं द्वारा तीस लाख की फिरौती मांगी गयी थी। बरामदगी के बाद बुधवार की शाम राहुल का कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया। प्रेस कांफ्रेंस में एएसपी हेडक्वार्टर महेन्द्र कुमार बंसत्री, एएसपी अभियान कुमार आलोक, सदर एसडीपीओ विजय कुमार झा व नगर थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। 

23 को मांगी थी तीस लाख फिरौती 
अगवा राहुल के पिता राजीव कुमार द्वारा इस मामले में 22 सितम्बर की रात नौ बजे नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। राजीव कन्हाई नगर मोहल्ले के स्व. सच्चिदानन्द सिन्हा के पुत्र हैं व डाकघर में एजेंट हैं। प्राथमिकी में बताया गया कि सुबह राहुल खेलने के लिए कहकर घर से 11 बजे दिन में निकला पर घर नहीं लौटा। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 1117 / 19  दर्ज कर तत्काल एसपी के निर्देशन में अनुसंधान तथा छापेमारी शुरू कर दी गयी। इस क्रम में पुलिस द्वारा पकरीबरावां थाना क्षेत्र के कपसंडी गांव से अपहरण की घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गयी। शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गयी। इसी बीच  23 सितम्बर को राजीव के मोबाइल पर फोन कर अपराधियों द्वारा तीस लाख रुपये फिरौती की मांग की गयी। 

एसआईटी का किया गया गठन 
तीस लाख की फिरौती मांगे जाने को गंभीरता से लेते हुए एसपी द्वारा इस मामले में एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने अपहर्ताओं के सरगना 19 वर्षीय चिन्टु कुमार जमुई जिले के सीमावर्ती कौआकोल थाना क्षेत्र के भोरमबाग पहाड़ी के समीप से बुधवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर उसकी निशानदेही पर व्यापक छापेमारी के क्रम में सुबह भोरमबाग जंगल से अगवा राहुल उर्फ लक्ष्य राज को सकुशल बरामद कर लिया गया। 

दोस्त ने ही किया था राहुल का अपहरण
राहुल का अपहरण उसके दोस्त चिंटू कुमार ने अपने साथियों की मदद से किया था। चिंटू पकरीबरावां थाने के कपसंडी गांव के कृष्णा यादव का बेटा है। वह पूर्व में राहुल के घर के समीप रहता था। इसी कारण राहुल से उसकी दोस्ती हो गयी। राहुल के पिता डाकघर के एजेंट थे। इस बीच वह अक्सर राहुल के घर आता- जाता था। उसके पिता द्वारा उपभोक्ताओं से कलेक्शन की गयी रकम को देखकर उसके मन में शैतान जाग उठा व उसने राहुल के अपहरण की योजना बनायी। इसमें उसने अपने चार अन्य साथियों को भी शामिल किया। चिंटू विश्वास में लेकर राहुल को शहर से बाइक से पकरीबरावां की ओर ले गया व आगे जाकर उसने चार दोस्तों की मदद से उसे अगवा कर लिया गया। उसे तीन दिनों तक कौआकोल के जंगलों में रखा गया।

पुलिस ने 70 घंटे में फिरौती के लिए अगवा लक्ष्य राज उर्फ राहुल को बरामद कर लिया। मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया गया है। इसने पहली बार किसी अपराध की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना में संलिप्त अन्य अपराधियों को भी चिन्हित कर लिया गया है। उन सबकी गिरफ्तारी की जाएगी। इनमें से कुछ जिले के बाहर के भी अपराधी हैं। 
– हरि प्रसाथ एस, एसपी, नवादा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *