दिल्ली-NCR में आज भीषण गर्मी से मिल सकती है राहत, मुंबई में बारिश ने 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

नई दिल्ली 
दिल्ली-एनसीआर को भीषण गर्मी से आज राहत मिल सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को बूंदाबांदी हो सकती है। राजधानी के ज्यादातर हिस्से में मंगलवार को तीखी धूप रही। सफदरजंग स्थित मौसम केन्द्र में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार रात तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। बूंदाबांदी से बुधवार का अधिकतम तापमान 38 डिग्री तापमान तक रहने का अनुमान किया जा रहा है।

लखनऊ बारिश से सराबोर
मंगलवार देर शाम उत्तर प्रदेश के लखनऊ शहर में कई इलाकों में आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इससे कई जगह पानी भर गया। सुबह करीब 10  बजे भी बूंदाबांदी हुई। कहीं-कहीं रुक-रुककर बारिश होती रही। बीते 24 घंटों के दौरान राजधानी में 6.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।  मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी बूंदाबांदी जारी रह सकती है। 5-6 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 28 रह सकता है। बादलों की आवाजाही रहेगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से तेज बारिश हो सकती है। वहीं, बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  

पटना में अगले दो दिन हैं बारिश के आसार
बिहार की राजधानी पटना में रिमझिम बारिश से राजधानी का मौसम मंगलवार को खुशगवार बना रहा। अगले 24 से 48 घंटे में प्रदेश में बारिश के आसार बने हुए हैं। तीन जुलाई की शाम से अगले चार से पांच दिनों तक मानसून मजबूत रहने की संभावना है। मंगलवार को दिनभर पटना में बादल मंडराते रहे। पटना में यूपी के बॉर्डर से विकसित हुआ लोकल थंडर स्टॉर्म पहुंचा। मौसम विभाग की मानें तो वर्तमान में ओडिशा के साथ पश्चिम बंगाल के इलाके में ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में लगातार मजबूत हो रहे मानसून के कारण पुरवैया बिहार में नमी बढ़ा रही है। मानसून की जोरदार बारिश जल्द ही देखने को मिलेगी। 

रांची में आज भी रुक-रुककर बारिश होगी
झारखंड की राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में आज भी बारिश होने के आसार जताए गए हैं। बुधवार को रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। अगले चार दिनों तक रांची समेत पूरे झारखंड में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं। मंगलवार को राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। रांची में पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 45.0 मिमी बारिश हुई। दिन भर रुक-रुक कर बारिश होने से लोग परेशान रहे। कामकाजी लोगों से लेकर स्कूल जानेवाले बच्चों को परेशानी हुई। राज्य में सबसे अधिक बारिश चाईबासा में हुई। यहां 75.0 मिलीमीटर से भी अधिक बारिश हुई। जबकि जमशेदपुर पिछले 24 घंटों के दौरान 130 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो चुकी है। पलामू को छोड़कर शेष सभी भागों में बारिश हुई। सिमडेगा, चतरा, रामगढ़, गुमला आदि जिलों में भी अच्छी बारिश हुई। 
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल पर सक्रिय अति निम्न दबाव का क्षेत्र कमजोर हो रहा है। इससे बादल अब हल्के होंगे। लेकिन इसके बावजूद राजधानी समेत अन्य हिस्सों पर बारिश होने की संभावना है। राज्य में बारिश होने से मानसून की स्थिति में कुछ सुधार हुआ है। पूरे राज्य में एक जून से अब तक 116.7 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य बारिश 218.5 मिलीमीटर के मुकाबले 47 फीसदी कम है। आनेवाले समय में भी मानसून के सक्रिय रहने के आसार हैं।  

मुंबई: 2005 बाढ़ के बाद दूसरी सबसे अधिक बारिश
मुंबई में 24 घंटों से अधिक समय से लगातार हो रही बारिश से वित्तीय राजधानी जलमग्न हो गई।  वहीं महानगर का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।  शहर में 44 वर्षों में 24 घंटे की अवधि में दूसरी सबसे अधिक बारिश हुई। इससे पहले 2005 में आए बाढ़ के दौरान इतनी बारिश हुई थी। मूसलाधार बारिश के कारण मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 52 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।  54 से अधिक विमानों के मार्ग बदले गए हैं।  बारिश से रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मध्य एवं पश्चिमी रेलवे ने लंबी दूरी की 20 से अधिक ट्रेनें रद्द कर दी हैं या फिर उन्हें मुंबई से बाहर स्टेशनों पर ही रोक दिया है।  कई स्थानों पर सड़क पर जलभराव के कारण वाहनें रेंग कर चल रहे हैं। 
भारत मौसम विभाग ने मुंबई में पिछले 24 घंटे के दौरान 375.2 मिमी बारिश दर्ज की है।  इसके चलते महाराष्ट्र सरकार ने दो जुलाई को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।  लोगों को घरों से नहीं निकलने की सलाह दी है। मुंबई विश्वविद्यालय की परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गईं हैं। बिजली कंपनियों ने भी एहतियात के तौर पर मुम्बई के कुछ उपनगरीय इलाकों में आपूर्ति को निलंबित कर दिया है। बारिश की वजह से हुए अलग-अलग हादसों में मुंबई में 21 लोगों की मौत हो गई है। जबकि पूरे महाराष्ट्र में मौत का यह आंकड़ा 35 तक पहुंच चुका है। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने कहा कि मुंबई में तीन और पांच जुलाई के बीच बाढ़ आने का गंभीर खतरा है। उसने कहा, इस दौरान हर दिन 200 मिलीमीटर या उससे अधिक बारिश हो सकती है जिससे सामान्य जन जीवन बाधित हो सकता है।

राजस्थान में मानसून की दस्तक
राजस्थान में भी मानसून ने दस्तक दे दी है। राज्य के पूर्वी हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से बारिश दर्ज की गई।  मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह तक अजमेर में 25 मिली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *