दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं के बीच कीर्ति आजाद ने किया ये ट्वीट

नई दिल्ली 
कांग्रेस नेता कीर्ति आजाद के ट्वीट से दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। सोमवार सुबह अपने ट्वीट में कीर्ति आजाद ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये दोनों नेता पूर्वांचल के लोगों का अपमान कर रहे हैं।

करीब साल भर पहले भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद को अगला दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना जताई जाती रही है। कांग्रेस सूत्रों की मानें तो पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है और जल्द ही उनके नाम की घोषणा हो सकती है। इसी बीच उन्होंने सोमवार को अपने ट्वीट में भाजपा और आम आदमी पार्टी को निशाने पर लेने के साथ ही दिल्ली की राजनीति में हस्तक्षेप करने की शुरुआत कर दी।

कीर्ति आजाद ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भतीजी के साथ हुई झपटमारी की घटना में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने परोक्ष रूप से पूरब के लोगों को जिम्मेदार ठहराया था। भाजपा महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ गठबंधन करती है। जबकि, शिवसेना का रुख हमेशा ही पूरब और बिहार के लोगों के साथ बुरा होता है। इस मुद्दे पर भाजपा अपने सहयोगी से कुछ नहीं कहती।

. तो क्या पाकिस्तान जाएंगे 

उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भी पूरब के लोगों को अपमानित करते हुए कहा था कि वे पांच सौ रुपये का टिकट खरीदकर आते हैं और पांच लाख का इलाज कराकर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि पूरब के लोग इलाज के लिए देश की राजधानी में नहीं आएंगे तो क्या पाकिस्तान जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *