दिग्विजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर साधा निशाना

भोपाल। मध्य प्रदेश में सियासी घमासान के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी मध्य प्रदेश में जो कर रही है, वो लोकतंत्र की हत्या है। गौरतलब है कि आज सुबह दिग्विजय सिंह कांग्रेस के बागी विधायकों से मिलने बेंगलुरु पहुंचे थे लेकिन वो उनसे मुलाकात नहीं कर पाए। उसके बाद दिग्गी वहीं अनशन पर बैठ गए जिसके बाद बेंगलुरु पुलिस ने उनको हिरासत में लिया था।

बीजेपी सरकार पर दिग्विजय सिंह ने लगाए आरोपदिग्विजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी पर आरोपों की बौछार कर दी. दिग्विजय ने कहा, "बीजेपी मध्य प्रदेश में जो कर रही है, वह लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि हम मध्य प्रदेश में बहुत शानदार तरीके से सरकार चला रहे थे, लेकिन हमें ज्योतिरादित्य सिंधिया ने धोखा दे दिया। बागी विधायकों को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि इन सभी के होटल में रुकने का पैसा बीजेपी दे रही है और इनपर दबाव बना रही है। दिग्विजय सिंह अब कर्नाटक में बागी विधायकों से मिलने की इजाजत मांगने के लिए कर्नाटक हाई कोर्ट में याचिका दायर करेंगे।

कर्नाटक में मचा सियासी ड्रामा
मध्य प्रदेश का सियासी ड्रामा कर्नाटक पहुंच गया है। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह पार्टी के 22 बागी विधायकों से मिलने बेंगलुरु के एक होटल के बाहर धरने पर बैठ गए। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। अब दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वह बिना विधायकों से मिले नहीं जाएंगे और भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। इस बीच, एमपी के सीएम कमलनाथ ने कांग्रेस नेता को बागी विधायकों को नहीं मिलने देने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह तानाशाही है। कर्नाटक में बीजेपी की सरकार है।

दिग्गी का पुलिस पर आरोप
पुलिस के हिरासत लेने के बाद उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि मुझे कहां ले जाया जा रहा है। मुझे अपने विधायकों से मिलने दिया जाना चाहिए था। मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं। हम सरकार भी बचाएंगे और हमारे विधायकों को भी वापस लेंगे। इससे पहले बागी विधायकों को मनाने बेंगलुरु गए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के साथ मध्य प्रदेश के 8 मंत्रियों को भी बेंगलुरु पुलिस ने हिरासत में लिया।

मुझे मेरे विधायकों से मिलने दो- दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने कहा कि मुझे मिलने क्यों नहीं दे रहै। मुझे कम से कम मेरे कांग्रेस के विधायकों से मिलने दें। वे जहां वोट देना चाहें दें, लेकिन मुझे मिलने तो दें। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि कर्नाटक पुलिस हमें स्थानीय DCP ऑफ़िस लायी है। हमारी माँग है कि BJP की क़ैद में रह रहे हमारे विधायकों से हमें मिलने दिया जाए। जब तक हमारी मुलाक़ात अपने विधायकों से नहीं होगी, मैं अनशन की घोषणा करता हूँ। हमारे देश में लोकतंत्र है, डिक्टेटरशिप नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *