दिग्विजय सिंह के खर्चे में जुड़ा कंप्यूटर बाबा के पौने दो लाख रुपए का ‘हठ योग’

 भोपाल
लोकसभा चुनाव के बाद भोपाल से इलेक्शन में उतरे प्रत्याशियों ने अपने चुनाव खर्च का अंतिम ब्यौरा निर्वाचन कार्यालय को सौंप दिया। इसके अनुसार चुनाव जीत चुकी भाजपा की साध्वी प्रज्ञा सिंह ने 43 लाख रुपए खर्च किए। वहीं कांग्रेस के दिग्विजय सिंह ने 64 लाख रुपए खर्च किए थे। प्रशासन ने कंप्यूटर बाबा के कार्यक्रम का खर्च भी पौने दो लाख रुपए इसमें जोड़ा है। गौरतलब है कि बाबा ने दो दिन तक भोपाल में कांग्रेस के समर्थन में आयोजन किए थे।

मिले थे तीन-तीन नोटिस
लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी एवं सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह व कांग्रेस के प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के व्यय और शेडो रजिस्टर में खासा अंतर पाया गया था। इसमें साध्वी ने करीब 17 लाख तो सिंह ने करीब 25 लाख रुपए का हिसाब कम दिया था। इस कारण दोनों को तीन-तीन नोटिस जारी किए थे। हालांकि बाद में आपत्तियों का जवाब देने पर बकाया खर्च दोनों ने स्वीकार कर लिए।

यज्ञ के लिए सैफिया कॉलेज में जुटे थे साधु-संत
कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के चुनावी खर्च में राजधानी में आयोजित कम्प्यूटर बाबा और अन्य बाबाओं द्वारा किए गए यज्ञ के खर्च को भी जोड़ा गया है।इस मामले में भाजपा नेताओं ने कलेक्टर को शिकायत की थी कि यज्ञ के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी सपत्नी यहां मौजूद हुए थे। इसके बाद जांच में यह शिकायत सही पाई गई। इसके बाद प्रशासन ने पौने दो लाख रुपए कांग्रेस के प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के चुनावी खर्च में जोड़ दिए। यह कार्यक्रम सैफिया कॉलेज ग्राउंड में हुआ था, इसमें सैकड़ों की संख्या में साधु-संत शामिल हुए थे। बाद में इनकी एक शोभायात्रा भी निकाली गई थी, जिस पर खासा विवाद हुआ था।

7 ने नहीं दिया हिसाब
भोपाल लोकसभा के कुल 30 प्रत्याशियों में से 23 उम्मीदवारों ने ही खर्च का हिसाब प्रशासन को सौंपा है। बचे हुए 7 प्रत्याशियों ने अब तक अपना हिसाब नहीं दिया। अब इन्हें एक और मौका दिया जा रहा है, ताकि वे दस्तावेज फिर से पेश कर सकें। व्यय प्रेक्षक सचिन धानिया ने उम्मीदवारों के व्यय रजिस्टर व जिला निर्वाचन कार्यालय के शेडो रजिस्टर के आधार पर खर्च की जांच की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *