थाने में महिलाओं के सामने अश्‍लील हरकत कर रहा था कोतवाल, एफआईआर दर्ज होते ही फरार

 देवरिया  
देवरिया में भटनी के निलम्बित कोतवाल भीष्मपाल सिंह यादव का थाने में बैठकर अश्‍लील हरकत करते वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो थानेदार के चैंबर का ही बताया जा रहा है। मामले में एक युवती की तहरीर पर भटनी थाने में भीष्मपाल सिंह यादव के खिलाफ छेड़खानी समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। एफआईआर दर्ज होते ही भीष्‍मपाल सिंह फरार हो गया।

26 जून को एसपी ने भीष्मपाल को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया था। लेकिन अब माना जा रहा है कि इस अश्‍लील वीडियो का प्रकरण जानकारी में आने पर एसपी ने कार्रवाई की थी हालांकि निलंबन आदेश में लापरवाही पर कार्रवाई की बात कही गई थी। अब वीडियो वायरल होने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप है। करीब पौने तीन मिनट की वीडियो में इंस्पेक्टर भीष्मपाल सिंह यादव बावर्दी दिख रहा है। वीडियो से प्रतीत हो रहा है कि पूर्व थानेदार अपने चैंबर में ही बैठा है। पीछे से दो महिलाओं की आवाज आ रही है, लेकिन उनका चेहरा वीडियो में नहीं दिख रहा है। वह महिलाओं से किसी भूमि विवाद के मामले में बात कर रहा है। 

इस दौरान वह बेहद शर्मनाक तरीके से अश्लील हरकत करते हुए महिलाओं को अपनी तरफ बुला रहा है। भीष्मपाल सिंह यादव जिले के कई थानों का प्रभारी रह चुका है। 21 जून की रात को भीष्मपाल सिंह यादव को सलेमपुर का कोतवाल बनाया गया था। 22 जून की शाम को उसने सलेमपुर का चार्ज लिया। 26 जून की रात को एसपी ने उसे निलंबित कर दिया। पूर्व थानेदार के खिलाफ एकाएक निलंबन की कार्रवाई होने पर लोगों का माथा ठनका था, लेकिन तब बताया गया था कि कार्रवाई भटनी के जलपा माता मंदिर में हुई चोरी की घटना में लापरवाही पर की गई है। निलंबन आदेश में भी लापरवाही की ही बात लिखी गई थी। अब वीडियो वायरल होने के बाद माना जा रहा है कि यह प्रकरण जानकारी में आने पर ही कार्रवाई हुई थी। पूरे जिले में थानेदार की यह करतूत चर्चा का विषय बनी हुई है। हर कोई पुलिस वर्दी में किए गए इस कुकृत्य की निंदा कर रहा है। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए विवेचना की जा रही है। 
 
22 जून को थानेदार ने की थी शर्मनाक हरकत 
भटनी थाने में दी गई तहरीर में एक युवती ने आरोप लगाया है कि 22 जून को दोपहर में वह अपनी मां के साथ भूमि विवाद के एक मामले में थाने पर आई थी।  प्रभारी निरीक्षक भटनी भीष्मपाल सिंह यादव अपने कार्यालय में बैठे थे। वह और उसकी मां अपना प्रार्थना पत्र लेकर कार्यालय में गई और भूमि विवाद के बारे में प्रभारी निरीक्षक को बताने लगी। कुछ समय पश्चात भीष्मपाल सिंह यादव के द्वारा बैठने के लिए कहने पर दोनों वहां रखी कुर्सी पर बैठ गईं। युवती का आरोप है कि भूमि विवाद के संबंध में बात करते-करते प्रभारी निरीक्षक अश्लील हरकत करने लगे। युवती ने इसका वीडियो बना लिया और अपने परिवार के अन्य सदस्यों को दिखाया। पड़ोस के रहने वाले एक व्यक्ति ने वीडियो को फारवर्ड कर दिया। युवती की तहरीर पर भटनी थाने में भीष्मपाल सिंह यादव के खिलाफ धारा 354(क)/509/166 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *