तेज आवाज में गाना बजाने से किया मना तो कर दिया कुल्हाड़ी से हमला

नई दिल्ली    
दिल्ली के द्वारका के बामडौली गांव में तेज आवाज में गाना बजाने से रोकने पर युवक को कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया गया। 30 वर्षीय घायल प्रकाश सिंह की पत्नी प्रीति सिंह की सूचना पर पहुंची द्वारका सेक्टर-23 थाना पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी बाबूलाल को द्वारका से ही गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित प्रकाश ब्लू डार्ट कंपनी में काम करता है और बामडौली गांव में किराए पर रहता है। वह मूलरूप से लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। शुक्रवार रात प्रकाश घर पर सो रहा था। रात 11.30 बजे उसके घर के सामने रहने वाले बाबू लाल ने तेज आवाज में गाने चला दिए। इस पर प्रकाश ने विरोध जताया। इस पर बाबूलाल झगड़ा करने लगा। 

इस दौरान आरोपी ने प्रकाश के सिर पर कुल्हाड़ी से तीन वार किए और फरार हो गया। प्रीति की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रकाश को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया, जहां से उसे एम्स रेफर कर दिया गया। 

सिर पर चोट लगने से आवाज गई 

एम्स में घायल प्रकाश की सर्जरी की गई है। डॉक्टरों का कहना है कि सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी आवाज चली गई है। दरअसल, आरोपी ने प्रकाश के सिर पर कुल्हाड़ी से तीन बार वार किए। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। डॉक्टरों का कहना है कि इसी कारण उसकी आवाज चली गई है। 

फाइनेंसर को गोली मारी

वहीं, राजधानी के नरेला इलाके में शनिवार रात बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक फाइनेंस का काम करने वाले युवक को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जख्मीहालत में फाइनेंसर को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। जांच में जुटी पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात को आपसी रंजिश के इरादे से या फिर लूट का विरोध करने पर दिया गया। घायल फाइनैंसर गौतम चौहान परिवार के साथ सोनीपत हरियाणा में रहते है। शनिवार रात को पुलिस को हॉलम्बी फाटक  के पास  गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुची। गौतम  सड़क पर खून से लथपथ हालात में पड़े थे। घायल गौतम चौहान  को तुरंत नरेला के अस्पताल लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *