तेजस्वी बैतूल, पिथौड़े भोपाल कलेक्टर, 7अफसरों के तबादले

भोपाल। अंतत: राज्य सरकार ने बारह दिन बाद भोपाल कलेक्टर तय कर दिया है। तरुण पिथौड़े को भोपाल कलेक्टर बनाया गया है। वहीं गृह विभाग के उपसचिव बीएस जामोद को दतिया कलेक्टर बनाया गया है। कुल सात आईएएस अफसरों के तबादले और पोस्टिंग के आदेश जारी किए गए है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में बैतूल कलेक्टर तरुण पिथौड़े को भोपाल कलेक्टर और संचालक बजट तेजस्वी नायक को  बैतूल कलेक्टर बनाया गया है। अवकाश से लौटने पर विशेष गढ़पाले को  सतना कलेक्टर किया गया तबादला निरस्त करते हुए प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल बनाया गया है।  वहीं सत्येन्द्र सिंह को उपसचिव से कलेक्टर सतना बनाया गया है। सत्येन्द्र सिंह को एक जून को ही सतना कलेक्टर पद से हटाया गया था। अब उन्हें वापस वहीं पदस्थ कर दिया है। आलोक कुमार सिंह को उपसचिव चिकित्सा शिक्षा को एमपी एग्रो का एमडी बनाया गया है। आरपीएस जादौन को कलेक्टर दतिया से उपसचिव गृह और कार्यपालक संचालक डीएमआई का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं उपसचिव गृह बीएस जामोद को कलेक्टर दतिया बनाया गया है।

BJP नेता कस रहे थे तंज
भोपाल कलेक्टर के लिए नगरीय विकास विभाग में उपसचिव मनीष सिंह का नाम चला था। सूत्रों के अनुसार पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भोपाल कलेक्टर मनीष सिंह को बनवाना चाहते थे पर सीएम सचिवालय इसके लिए सहमत नहीं था। इस बीच सतना पदस्थ किए गए खंडवा से स्थानांतरित कलेक्टर विशेष गढ़पाले और तेजस्वी नायक का नाम भी भोपाल कलेक्टर के लिए चला था पर अंतत: पिथोड़े के नाम पर सीएम कमलनाथ ने सहमति दी। गौरतलब है कि पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कल प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार पर आरोप लगाया था कि दस दिन से भोपाल कलेक्टर की पदस्थापना सरकार नहीं कर पा रही है। इसके लिए कांग्रेस कार्यालय में बोली लगाई जा रही है। इस कारण ऐसी स्थिति बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *