तथागत तुलसी को आईआईटी मुंबई ने नौकरी से निकाला

 पटना 
                                                                                                                          
सबसे कम उम्र में आईआईटी का प्रोफेसर बनने वाले बिहार के तथागत तुलसी की नौकरी छूट गई है। आईआईटी मुंबई ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया है। वे वहां भौतकी के शिक्षक थे। तथागत सबसे कम उम्र में मैट्रिक, बीएससी और एमएससी की डिग्री हासिल कर सुर्खियों में आए थे। खराब स्वास्थ्य के कारण तथागत पिछले चार साल से आईआईटी से लंबी छुट्टी पर चल रहे थे। फिलहाल पटना में ही रह रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मुंबई की जलवायु उनके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल रहा था। वहां सांस लेने और नींद में काफी परेशानी हो रही थी। इसका असर उनके रिसर्च, पढ़ाने और अन्य कामों पर भी पड़ रहा था। उन्होंने आईआईटी मुंबई से अपना ट्रांसफर आईआईटी दिल्ली में कराने के लिए आवेदन भी वहां के डायरेक्टर को दिया था, लेकिन आईआईटी में तबादले का कोई प्रावधान नहीं होने के कारण उनका तबादला नहीं हो सका। इसके बाद आईआईटी मुंबई के बोर्ड ने उनको नौकरी से हटाने की कार्रवाई की। बोर्ड के निर्णय के खिलाफ अपील करने के लिए बोर्ड ने उन्हें 12 नवंबर तक का समय दिया है। तथागत ने बताया कि बोर्ड के निर्णय के खिलाफ वे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से अपील करेंगे।

आईआईटी में भी आईएएस की तरह हो तबादले का प्रावधान

तथागत ने बताया कि तबादला नहीं होना उनकी नौकरी छूटने का मुख्य कारण है। मुंबई का मौसम उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा था। चिकित्सकों ने भी उन्हें जगह बदलने की राय दी थी। बताया कि 2004 से पहले आईएएस का भी तबादले का प्रावधान सिर्फ शादी के आधार पर ही था। 2004 में इसमें संशोधन कर खराब स्वास्थ्य के आधार पर भी तबादले का प्रावधान किया गया। उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मानव संसाधान विकास मंत्री से विशेष परिस्थितियों में आईआईटी में भी तबादले का प्रावधान लागू करने की मांग की।

गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज है

सबसे कम उम्र में 10वीं, बीएससी और एमएससी की डिग्री हासिल करनेवाले तथागत का नाम गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषणों में कई बाद तथागत की बड़ाई कर चुके हैं। उन्होंने नौ वर्ष की उम्र में 10वीं और 12 वर्ष की उम्र में एमएससी की डिग्री हासिल की। इसके बाद मात्र 22 वर्ष की उम्र में आईआईएससी बेंगलुरु से पीएचडी की डिग्री हासिल की। 2010 में उन्होंने 22 वर्ष की उम्र में आईआईटी मुंबई में नौकरी ज्वाइन की थी। 2013 में उनकी नौकरी को स्थायी किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *