जिस बेटी को पैदा होते ही छोड़ दिया था, आज वो इटली में बड़ी वकील है और झांसी में मां-बाप को ढूंढ रही है

झांसी 
वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की भूमि झांसी में चार दशक पहले एक बेटी का जन्म हुआ था और जन्म के एक साल बाद ही जन्मभूमि छूट गई थी। यह कहानी है एक ऐसी बेटी की, जो लावारिस अवस्था में अनाथालय में छोड़ दी गई थी और यहां से उसे इटली के एक दंपती ने गोद ले लिया था। आज यही बेटी सिविल लॉयर बनकर इटली में ऊंचे मुकाम पर है। जबकि, उसके पति स्विट्जरलैंड में रहते हैं। चार दशक बाद झांसी की इस बेटी ने अपने खून के रिश्तेदारों की सरगर्मी से तलाश शुरू की है। इसके लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है।  सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए वेरा बेरती नाम की महिला ने बताया कि 1980 में 22 जून को उसका जन्म हुआ था। जन्म के बाद अनजान व्यक्ति उसे सेंट ज्यूड फाउंडलिंग होम छोड़ गया था। 1981 में उसे गोद ले लिया गया था और तब से वो इटली में ही है। इसके 35 साल बाद 2015 में वो झांसी आई थी। इस यात्रा का उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ मां-बाप या अन्य परिजनों की तलाश था। काफी खोजबीन के बाद कोई जानकारी नहीं हुई। आखिरकार थक हारकर वापस इटली लौट गई।

लेकिन, इस बेटी ने सोशल मीडिया के जरिए एक बार फिर अपने परिजनों की तलाश शुरू कर दी है। उसने अपना पुराना पासपोर्ट भी सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें लगी फोटो में वो लगभग एक साल की नन्हीं बच्ची नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट के जारी होने के बाद से तमाम लोग सक्रिय हो गए हैं। साथ ही, इस पोस्ट को लोग एक दूसरे से खूब साझा कर रहे हैं। झांसी की इस बेटी की कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है। वेरा बेरती की दस साल की बेटी भी है, उसने अपनी बेटी का नाम सोफिया इंडिया रखा है। सोफिया ने बताया कि वो भारत से अटूट प्यार करती है। यही वजह है कि उसने अपनी बेटी के नाम के साथ इंडिया जोड़ा। आपको बता दें कि, महानगर के खातीबाबा क्षेत्र में 1956 से शिशु विहार फाउंडलिंग होम का संचालन किया जा रहा है। यहां लावारिस पाए जाने वाले बच्चों का पालन पोषण किया जाता है। वर्तमान में यहां पचास बच्चे रह रहे हैं। पिछले दो साल के दरम्यान यहां से चार बच्चों को विदेशियों ने गोद लिया। ये सभी बच्चे कारा (सेंट्रल एडॉप्शन रिसोर्स अथॉरिटी) के माध्यम से दिए गए। फाउंडलिंग होम की सिस्टर मोली जेकब ने बताया कि फाउंडलिंग होम के तमाम बच्चे देश के विभिन्न हिस्सों व विदेशों में हैं. उन्होंने बताया कि फाउंडलिंग होम में आने वाले बच्चों को तत्काल किसी को गोद नहीं दिया जाता है. इंतजार किया जाता है कि शायद उसके परिजन आ जाएं, जब परिजनों के आने की उम्मीद खत्म हो जाती है तो फिर बच्चा गोद दे दिया जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *