जानिए किस जिले में कितने गए, लाखों की संख्या में उत्तर प्रदेश लौटे प्रवासी

 लखनऊ 
लॉकडाउन के दौरान उत्तर प्रदेश में लाखों की संख्या में प्रवासी श्रमिक लौटे हैं। बुधवार को अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि अबतक सबसे ज्यादा प्रवासी सिद्धार्थनगर जिले में आए हैं। यहां पर यह संख्या एक लाख 47 हजार है। इसके अलावा महाराजगंज में एक लाख तीन हजार 786 लोग लौटे हैं। उन्होंने बताया कि अबतक 1337 ट्रेनें अलग-अलग राज्यों से उत्तर प्रदेश में आ चुकी हैं।

सिद्धार्थनगर और महाराजगंज के अलावा सहारनपुर में 68 हजार, सीतापुर में 50 हजार, सुल्तानपुर में 51 हजार, जौनपुर में 61 हजार, हरदोई में 58 हजार, गोंडा में 83 हजार, बस्ती में 72 हजार, बलरामपुर में 70 हजार, बहराइच में 94 हजार, आजमगढ़ में 68 हजार, अयोध्या में 48 हजार और अंबेडकर नगर में 52 हजार प्रवासी लौटे हैं। अवनीश अवस्थी ने बताया कि ये आंकड़े 26 मई दोपहर 12 बजे तक के हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बाहर से आए लोगों के लिए स्किलिंग और रोजगार देने की व्यवस्था की है। साथ ही साथ भरण पोषण और स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

गोरखपुर देश का पहला शहर, जहां 200 से अधिक ट्रेनें आईं
उत्तर प्रदेश का गोरखपुर देश का पहला शहर बना गया है, जहां लॉकडाउन के दौरान अबतक 200 से अधिक ट्रेनें आई हैं। इन ट्रेनों से देश के अलग-अलग राज्यों से 2 लाख से अधिक लोग इस शहर और आसपास के जिलों के लिए लौटे हैं। यह जानकारी बुधवार को राज्य के अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने दी। उन्होंने कहा कि प्रवासियों को लेकर अबतक राज्य में 1337 ट्रेनें आई हैं। इसमें लखनऊ आने वाली ट्रेनों की संख्या 89 है।

गोरखपुर 2 लाख 77 हजार लोग आए
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि अबतक 1511 ट्रेनों को अनुमति राज्य सरकार ने दे दी है। इसमें से 1337 ट्रेनें आ चुकी हैं। वहीं 104 ट्रेन जल्द ही आने वाली हैं। करीब 150 के आसपास ट्रेनों के एक से दो दिन में आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर पूरे देश का ऐसा जनपद है, जहां 200 से अधिक ट्रेनें आ चुकी हैं। यहां 219 ट्रेन में 2 लाख 77 हजार लोग आए हैं।

इन जिलो में आई ट्रेनें
इसके अलावा जौनपुर में 99, बलिया में 64, प्रयागराज में 58, प्रतापगढ़ में 65, रायबरेली में 20, वाराणसी में 89, मऊ में 44, गाजीपुर में 31, सुल्तानपुर में 23, हरदोई में 18, आजमगढ़ और अयोध्या में 33, गोंडा में 63, अंबेडकर नगर में 21, बस्ती में 67 और देवरिया में 88 ट्रेनें आई हैं।

किस राज्य से कितनी ट्रेनें यूपी आईं
अवनीश अवस्थी ने बताया कि अबतक सबसे ज्यादा ट्रेनें गुजरात से उत्तर प्रदेश वापस आई हैं। यहां से 474, महाराष्ट्र से 297, पंजाब से 216, तेलंगाना से 23, कर्नटाक से 52, केरल से 11, आंध्र प्रदेश से 10, तमिलनाडु से 26, मध्य प्रदेश से 2, राजस्तान से 34, गोवा से 17 और दिल्ली से 89 ट्रेनें उत्तर प्रदेश आई हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से एक, पश्चिम बंगाल से भी उत्तर प्रदेश के लिए ट्रेनें आनी शुरू हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *