‘जनता के साथ अन्याय करने वाले अब खुद जनता के दरबार में, प्रचंड मतों से होगी दिग्विजय की हार’

भोपाल
 दिग्विजय सिंह के भोपाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनने के बाद पूर्व सीएम उमा भारती उनके खिलाफ हमलावर हो गई हैं। उमा भारती लगातार दिग्विजय सिंह के खिलाफ हमला बोल रही हैं। उमा ने एक बार फिर से ट्वीट कर दिग्विजय के खिलाफ हमला बोला है। जानकार इसे उमा भारती के मध्यप्रदेश में वापसी के संकेत मान रहे हैं। उमा भारती लंबे समय से मध्यप्रदेश की सियासत से दूर हैं। ऐसी चर्चाएं हैं कि उमा भारती अब भोपाल से चुनाव भी लड़ सकती हैं, हालांकि उमा ने इस बार लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार किया है।

क्या कहा उमा भारती ने
उमा भारती ने ट्वीट कर कहा है, 'यह तो बहुत अच्छा हुआ कि भोपाल की जनता के साथ इतना अन्याय करने वाले अब जनता के दरबार में पेश हो जाएंगे तथा अब भोपाल संसदीय क्षेत्र के नागरिक प्रचंड मतों से उन्हें हराकर अपना बदला चुकाएंगे।' उमा ने लगातार कई ट्वीट किए हैं उन्होंने योजनाओं का जिक्र करते हुए दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है।

और क्या कहा उमा ने
उमा ने कहा- मैंने भोपाल शहर के पेयजल संकट निवारण के लिए नर्मदा का पानी लाने की घोषणा की थी एवं भोपाल का सांसद रहते हुए इसकी तैयारी भी करवा ली थी तथा प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने भी नर्मदा सागर बांध की स्वीकृति देते समय इसका प्रावधान कर दिया था। उस समय पर इस योजना को असंभव बताते हुए दिग्विजय सिंहजी ने इस योजना की खिल्ली उड़ाई थी। वो उस समय मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब भी उन्होंने इस योजना को लाने में रुकावटें खड़ी की थीं। फिर जब मैं 2003 दिसंबर में मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री बनी तब हमारे पहले कैबिनेट का प्रस्ताव भोपाल में नर्मदा का जल लाने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली। दिग्विजय सिंह जी के मुख्यमंत्री रहते हुए 40,000 हजार गरीब दैनिक वेतन भोगियों को एक झटके में निकाल दिया था जिसमें भोपाल के भी हजारों दैनिक वेतन भोगी थे। उन सबको भी मैंने अपनी पहली कैबिनेट में बहाल किया था। जब मैंने भोपाल एयपोर्ट का नाम भोपाल की जगह भोजपाल करवाया था तो उस कार्यक्रम में स्वीकृति देने के बावजूद भी दिग्विजय सिंह जी नहीं आए थे, क्योंकि वो इस बात से प्रसन्न नहीं थे। भोपाल का अपमान करने में एवं भोपाल की प्रगति रोकने में दिग्विजय सिंह जी ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी।

दिग्विजय के खिलाफ लड़ने नहीं प्रचार करने आऊंगी
उमा भारती ने जयवर्धन सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- दिग्विजय सिंह जी के पुत्र एवं मेरे भतीजे जयवर्धन सिंह ने मुझे भोपाल से दिग्विजय सिंह जी के खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उन्हें तो भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता भोपाल में ही चुनाव हरा देगा। इसलिए मैं भोपाल चुनाव लड़ने नहीं पर चुनाव प्रचार करने जरूर आउंगी एवं भोपाल की जनता को दिग्विजय सिंह जी की इन बातों का स्मरण कराउंगी।

इससे पहले भी बोला था हमला
उमा ने इससे पहले दिग्विजय पर हमला करते हुए कहा था- दिग्विजय सिंहजी जब मुख्यमंत्री थे तब मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह जी सतना में बीएसपी के कुश्वाहा से हारे थे, फिर उसके बाद होशंगाबाद से भाजपा के सरताज सिंह जी से चुनाव हारे थे। जब दिग्विजय सिंह जी और अर्जुन सिंह जी मिलकर के कुश्वाहा और सरताज का मुकाबला नहीं कर सके, तो यहां आलोक संजर जी का मुकाबला भी दिग्विजय सिंह जी नहीं कर पाएंगे। दिग्विजय सिंह जी को हराने के लिए किसी बड़े नेता को भेजने की जरूरत नहीं है। भोपाल की जनता,भाजपा के साधारण कार्यकर्ता के माध्यम से भी उनको चुनाव हराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *