छापा: PHE के रिटा. SDO के 4 ठिकानों पर छापा मार 4 सौ करोड़ की सम्पत्ति उजागर

जबलपुर
राज्य अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने पीएचई के रिटायर एसडीओ सुरेश उपाध्याय के 4 ठिकानों पर छापा मारकर 4 सौ करोड़ से अधिक की सम्पत्ति उजागर की है। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर ईओडब्ल्यू की 65 अधिकारियों की टीम ने सुबह करीब 5 बजे एक समय पर सभी स्थानों पर दबिश दी। सदर एवं बिलहरी स्थित एसडीओ के निवास पर पड़े छापे के बाद क्षेत्र में हलचल मची रही। एसडीओ के घर से 2 लाख 50 हजार रूपए नगद, लाखों के जेवरात, बीमा पॉलिसी, शेयर के साथ आलीशान मकान, मंहगी कारें एवं घर पर लग्जरी फर्नीचर के साथ विलासता का बेशकीमती सामान मिला है।

डीएसपी राजवर्धन माहेश्वरी ने बताया कि पद का दुरुपयोग एवं आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर पीएचई के सेवानिवृत्त अनुविभागीय अधिकारी सुरेश उपाध्याय के बिलहरी,अनंततारा बंगला नंबर 42, कजरवारा एवं सदर में जांच के लिए रेड की गई। जांच में देवरीकला, कजरवारा, उमरिया, तिलहरी एवं बिलहरी में सैकड़ों एकड़ जमीन होने के दस्तावेज मिले हैं।

ईओडब्ल्यू के छापा के बाद क्षेत्र में 100 एकड़ जमीन की चर्चा हो रही है। बताया जाता है कि उपाध्याय परिवार ने कुछ दिन पहले की कजरवारा क्षेत्र में 100 एकड़ जमीन का सौदा किया था। कजरवारा वाली जमीन की रजिस्ट्री हुई है या नहीं इसकी भी जांच चल रही है।

डीएसपी के मुताबिक रिटायर एसडीओ सुरेश उपाध्याय के साथ-साथ उनकी पत्नी पूर्व भाजपा पार्षदअनुराधा, पुत्र सचिन एवं बहू सपना के खिलाफ भी मामला है। टीम हर पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है। सतीश उपाध्याय के घर से टीम को एक डायरी भी मिली है,जिसमें शहर के कई रसूखदार लोगों के नाम के साथ लाखों रुपए का लेनदेन का उल्लेख है।   

सर्च के दौरान बिलहरी वाले मकान एवं सदर स्थित आॅफिस में टीम को कई बैंकों की पासबुक मिली हैं। ईओडब्ल्यू टीम सभी पास बुक से आज तक हुए लेनदेन के आंकड़ों को जुटाते हुए बैक अधिकारियों से भी संपर्क साध रही है। एक टीम बैंकों के लॉकरों को कल खोलेगी।  

मिले दस्तावेजों के आधार पर प्रापर्टी का आंकलन टीम कर रही है। उपाध्याय परिवार के सदस्यों के खाते जिन भी बैंकों में हैं, उनकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
देवेंद्र सिंह राजपूत, एसपी ईओडब्ल्यू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *