छह साल की बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे रिटायर्ड फौजी की गोली मारकर हत्या

होशंगाबाद/इटारसी
मध्य प्रदेश में हत्याओं के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं| एक के बाद एक सनसनखेज मामले सामने आ रहे हैं| अब होशंगाबाद जिले के इटारसी के पास बीएसएफ से रिटायर्ड फौजी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रिटायर्ड फौजी बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। तभी रास्ते में उन्हें एक व्यक्ति ने गोली मार दी| रिटायर्ड फौजी की मौके पर ही मौत हो गई।  

जानकारी के मुताबिक शहर से 10 किलोमीटर दूर सोमवार सुबह 8 बजे बीएसएफ से रिटायर्ड फौजी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रिटायर्ड फौजी अल्फेट नेरियस छह साल की बेटी एनी उर्फ इतिसिया नेरियस को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में पुष्पेंद्र नामक शख्स ने उनसे लिफ्ट मांगी। अल्फेट ने उसे लिफ्ट दे दी। पथरौटा थाना क्षेत्र के गांव पांडुखेड़ी पहुंचे, जहां अल्फेट का प्लॉट है। बेटी ने पिता से प्लॉट देखने की जिद की, इस पर अल्फेट नेरियस ने आरोपी को वहीं उतार दिया। पहले तो आरोपी ने हाइवे तक छोड़ने को कहा, लेकिन जब अल्फेट नहीं माने तो वह झगड़े पर उतर आया और झूमा-झटकी करने लगा। इसके बाद आरोपी ने अल्फेट को स्कूटी से गिरा दिया और पिस्तौल निकाल कर गोली चला दी। गोली कंधे पर लगी, जिससे रिटायर्ड फौजी की मौके पर ही मौत हो गई। 

मृतक की बेटी एनी ने पुलिस को बताया है कि वह उनके लखनऊ वाले घर भी आए थे। पुलिस ने बच्ची से पूछताछ की है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मृतक का परिवार 2017 में लखनऊ से इटारसी आया था। मृतक बीएसएफ में क्लर्क थे। रिटायर्ड हो चुके थे। पत्नी इमोलिन नेरियस ऑर्डिनेंस फैक्ट्री केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *