छत्तीसगढ़ में तापमान पहुंचा 44 डिग्री के ऊपर, मौसम विभाग ने कहा- अभी और बढ़ सकता है

रायपुर
 छत्तीसगढ़ में पिछले तीन-चार दिनों से गर्मी फिर से चरम पर पहुंच गई है। सुबह आठ बजे से ही सूरज की तपिश लोगों को भारी पडऩे लगी है। दोपहर 12 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक तो ऐसी गर्म हवाएं चलती है कि रास्ते पर चलना और बाइक चलाना मुश्किल हो जाता है।

भले ही आपने चेहरे पर स्कार्फ और सन ग्लास क्यों न पहने हों, लेकिन गर्मी से निजात नहीं मिलती है। गर्मी से बेहाल लोग हर आधे-पौन घंटे में ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखते हैं। राजधानी में शनिवार को पारा 43.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 44.5 डिग्री राजनांदगांव में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने प्रदेश में एक-दो स्थानों पर लू चलने की चेतावनी जारी की है। राजधानी रायपुर में तो लू की स्थिति ही निर्मित है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश के सभी संभागों में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुए है। दुर्ग व बस्तर संभाग में सामान्य से अधिक तथा शेष संभागों में सामान्य रहे। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 44.4 डिग्री राजनांदगांव में दर्ज किया गया। प्रदेश में मौसम शुष्क रहा।आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। राजधानी में रविवार को आकाश मुख्यत: साफ रहेगा। अपरान्ह या शाम को आंशिक मेघमय रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *