चोर पकड़ने गई पुलिस 10 पुलिसकर्मी हो गए संक्रमित
नवी मुंबई
कोरोना संकट के बीच पुलिसकर्मियों को अपराधी या गैंग को पकड़ने में नया खतरा मोल लेना पड़ रहा है। चोरों के दो गैंग को पकड़ने वाले मुंबई के 10 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए। वहीं नवी मुंबई के 15 पुलिसकर्मी क्वारंटीन किए गए हैं। एक आरोपी का वकील भी क्वारंटीन में है। 7 चोरों के गिरोह को पकड़ने वाले नेहरू नगर पुलिस थाने के जो 10 पुलिसकर्मी संक्रमित हैं उनमें दो अधिकारी भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि चोरों के गिरोह में कोरोना संक्रमित शामिल थे। आरोपियों को पुलिस की निगरानी में जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिसकर्मी क्वारंटीन में हैं। पुलिस ने बताया कि गैंग के खिलाफ एक इलेक्ट्रॉनिक गुड्स स्टोर को तोड़कर घुसने और करीब साढ़े पांच लाख का सामान और नकद लूटने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद सभी का कोविड-19 टेस्ट हुआ। रिजल्ट आने तक पुलिसकर्मी भी संक्रमित हो चुके थे।
नवी मुंबई में आरोपी को कोरोना
एक दूसरे केस में एक 30 साल के शख्स को तलोजा स्थित घर में घुसकर चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद तलोजा पुलिस थाने के 15 पुलिसकर्मी और एक वकील होम क्वारंटीन में हैं। ये सभी चोरों के संपर्क में आए थे।
जमानत देकर अस्पताल में भर्ती कराया गया
तलोजा पुलिस थाने के सीनियर इंस्पेक्टर काशीनाथ चव्हाण ने बताया, 'गिरफ्तार हुए आरोपी में कोविड-19 के लक्षण थे, इसलिए टेस्ट किया गया रिजल्ट कोरोना पॉजिटिव आया। आरोपी को पुलिस थाने से जमानत देकर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। 15 पुलिसकर्मियों को घर पर होम क्वारंटीन किया गया है।'