गला दबाने वाले बयान से पलटीं प्रियंका गांधी, बोलीं- गर्दन पर हाथ लगाया था

 
लखनऊ

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपने दो दिवसीय लखनऊ दौरे के पहले दिन शनिवार शाम पूर्व आईपीएस एसआर दारापुरी के परिवारवालों से मिलने पहुंचीं। रास्ते में कुछ देर के लिए पुलिस ने प्रियंका के वाहनों को रोक लिया था। प्रियंका ने आरोप लगाया कि लखनऊ पुलिस ने उनका गला दबाया और धक्का देकर गिरा दिया। इस बयान के कुछ देर बाद प्रियंका अपने बयान से पलट गईं। वहीं, प्रियंका गांधी के साथ हुई कथित बद्सलूकी के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के पास एक शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
 प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं दारापुरी की फैमिली से मिलने जा रही थी। पुलिस ने बार-बार रोका। जब गाड़ी को रोका और मैंने पैदल जाने की कोशिश की तो मुझे घेर के रोका और मेरे गले पर हाथ लगाया, मुझे गिरा भी दिया था एकबार।

बीजेपी ने बताया नौटंकी
इससे पहले गला दबाने वाले बयान को लेकर बीजेपी ने इसे प्रियंका गांधी वाड्रा की नौटंकी करार दिया है। यूपी के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने इस संबंध में ट्वीट कर कांग्रेस महासचिव की आलोचना की है। उधर, कांग्रेस ने यूपी सरकार को बर्खास्‍त कर राष्‍ट्रपति शासन लगाने की मांग की है।
 
"इसमें बिल्कुल सत्यता नहीं है। मैं उनकी (प्रियंका गांधी वाड्रा) फ्लीट इंचार्ज थी। उनके साथ किसी ने भी अभद्रता नहीं की है। मैंने सिर्फ अपनी ड्यूटी की। इस घटना के दौरान मेरे साथ भी धक्कामुक्की हुई थी।"
-डॉ. अर्चना सिंह, सीओ
एसएसपी बोले- आरोप गलत हैं
उधर, गला दबाने वाली घटना को लेकर लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि आरोप पूरी तरह गलत हैं। इस संबंध में सीओ एमसीआर डॉ. अर्चना सिंह ने रिपोर्ट दी है। सीओ अर्चना सिंह प्रियंका गांधी की फ्लीट की प्रभारी थीं। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रियंका गांधी पार्टी दफ्तर से गोखले मार्ग के लिए निकली थीं। उनकी फ्लीट तय रास्ते से न जाकर लोहिया पथ की तरफ जाने लगी। इस पर जब बातचीत की गई तो कोई सही जवाब नहीं मिला। बाकी आरोप गलत हैं।
 
'बहन भी झूठ की चैंपियन हो गई'
प्रियंका द्वारा लखनऊ पुलिस पर लगाए गए आरोपों के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। श्रीकांत शर्मा ने कहा, 'कानून तोड़ना, दंगाइयों का साथ देना, अराजकता फैलाना और झूठ बोलना कांग्रेस की संस्कृति बन गई है। प्रियंका की मौजूदगी में कांग्रेसी गुंडों ने महिला पुलिस अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार किया। कांग्रेस को शांत प्रदेश पसंद नहीं है। अबतक तो भाई ही झूठ बोलते थे। अब बहन भी झूठ की चैंपियन हो गई है।'

क्या है पूरा मामला?
बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में हुई हिंसा भड़काने तथा अन्य आरोप में पुलिस ने पूर्व आईपीएस एस.आर. दारापुरी, सोशल ऐक्टिविस्ट तथा कांग्रेस प्रवक्ता सदफ जफर को गिरफ्तार किया हुआ है। एसआर दारापुरी और सदफ जफर की फैमिली से मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी को रास्ते में पुलिस ने रोक लिया। इस पर प्रियंका ने कहा, 'हमें रोड पर रोकने का कोई मतलब ही नहीं है। यह मामला एसपीजी का नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस का है।'
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *