खेलो इंडिया यूथ गेम्स: महाराष्ट्र पदक तालिका में टॉप पर, दिल्ली दूसरे नंबर पर

पुणे
खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2019 के पांचवें दिन महाराष्ट्र ने 156 मेडल के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, दूसरे नंबर पर दिल्ली की टीम है जिसके 107 अंक हैं। खेलों के पांचवें दिन बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग और जूडो समेत अन्य स्पर्धाओं में युवा खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए खिताब जीते।

अमन, आकर्षी बैडमिंटन चैंपियन
अमन फरोघ संजय ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की बैडमिंटन स्पर्धा के अंतिम दिन लड़कों का अंडर-21 एकल खिताब अपने नाम किया तो आर्या देशपांडे और अनन्य फडके अंडर-17 बालिका युगल वर्ग का गोल्ड मेडल जीता जिससे मेजबान महाराष्ट्र ने 2 गोल्ड मेडल अपनी झोली में डाले। छत्तीसगढ़ की आकर्षी कश्यप ने अंडर-21 एकल बालिका वर्ग में मालविका बंसोद को पराजित किया। उन्होंने 21-11, 21-16 से जीत हासिल की।

अमन ने कर्नाटक के राहुल भारद्वाज को महज 40 मिनट में 21-17, 23-21 से शिकस्त दी। अनन्या फडके और आर्या देशपांडे ने एकतरफा मुकाबले में साक्षी असरानी और अंकुशा मेहता को 29 मिनट में 21-16, 21-13 से पराजित किया।

वेटलिफ्टिंग: कर्नाटक, दिल्ली को गोल्ड
कर्नाटक और दिल्ली ने रविवार को इन खेलों के पांचवें दिन वेटलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल से खाता खोला। कर्नाटक की अक्षता कमाती और दिल्ली के हर्षित सहरावत ने राज्य के लिए गोल्ड मेडल हासिल किए। पंजाब चार स्वर्ण पदक से मिजोरम और मणिपुर से आगे निकल गया है जिनके 3-3 स्वर्ण हैं। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और हरियाणा के 1-1 गोल्ड मेडल हो गए हैं।

फुटबॉल: पंजाब और गोवा अंडर-21 लड़कों के SF में
पंजाब और गोवा ने रविवार को पूल बी में प्रतिद्वंद्वी टीमों पर विपरीत जीत से यहां खेलों इंडिया यूथ गेम्स की लड़कों की अंडर-21 फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में क्वॉलिफाइ किया। पंजाब के कप्तान परमीत जूती (27) और विक्रांत सिंह (28) ने गोल कर मणिपुर पर 2-0 से आसान जीत दिलाई। वहीं गोवा ने कर्नाटक को 1-0 से मात दी। इन दोनों टीमों ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और 6-6 अंकों से नॉकआउट में अपना स्थान सुनिश्चित किया। गोवा और पंजाब की टीमें लीग के अंतिम मैच में एक दूसरे से भिड़ेंगी। पूल ए में मिजोरम की टीम पहले ही दो मैचों में 6 अंक लेकर कट में प्रवेश कर चुकी हैं।

हॉकी: हरियाणा का सामना अंडर-21 फाइनल में ओडिशा से
ओडिशा और हरियाणा ने विपरीत जीत दर्ज कर खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2019 की पुरुष अंडर-21 हॉकी स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश किया। हरियाणा ने सेमीफाइनल में पड़ोसी राज्य पंजाब को 3-1 से मात दी जबकि ओडिशा ने उत्तर प्रदेश को 2-1 से हराया। अब हरियाणा और ओडिशा की टीमें कल फाइनल में एक दूसरे से भिड़ेंगी। मंगलवार को उत्तर प्रदेश और पंजाब की टीमें तीसरे स्थान के लिए खेलेंगी।

सचिन, तूलिका और रितिका ने दिल्ली को दिलाए गोल्ड
दिल्ली ने रविवार को यहां जूडो स्पर्धा में 3 और स्वर्ण से कुल 12 गोल्ड मेडल से तालिका में पहला स्थान हासिल किया। दिल्ली ने अंडर-17 और अंडर-21 वर्ग में 6-6 गोल्ड हासिल किए। जूडो स्पर्धा के अंतिम दिन दिल्ली ने तीन, पंजाब ने दो और हरियाणा, मणिपुर और मेजबान महाराष्ट्र ने 1-1 गोल्ड मेडल जीता। दिल्ली के लिए सचिन मलिक (लड़कों के अंडर-21), तूलिका मान (बालिका अंडर-21) और रितिका दहिया (बालिका अंडर-21) में पहला स्थान हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *