खाना खाते वक्त मनरेगा श्रमिकों पर गिरा कीचड़ का ढेर, 10 महिलाओं की मौत

हैदराबाद
तेलंगाना के नारायणपेट जिले में बुधवार को एक कार्यस्थल पर मनरेगा योजना के तहत काम कर रहे श्रमिकों के ऊपर कीचड़ का एक बड़ा ढेर गिर गया। इस घटना में 10 महिला श्रमिकों की मौत हो गई। मामले की जानकारी पुलिस ने दी। यह घटना तब हुई जब काम के दौरान भूख लगने पर महिलाएं कार्यस्थल पर ही खाना खाने लगीं। महिला श्रमिक खाना खा रही थीं कि तभी उन पर कीचड़ का ढेर गिरा। यह कीचड़ का ढेर 10 महिलाओं की कब्रगाह बन गया।

पुलिस ने बताया, 'यह घटना तिलेरू गांव में दोपहर करीब 11 बजकर 15 मिनट पर हुई। कार्यस्थल पर 12 महिला श्रमिक खाना खाने के लिए बैठी हुई थीं, उसी समय कीचड़ का बड़ा ढेर उन पर गिर गया।' अधिकारी ने बताया कि महिलाएं मनरेगा के तहत होने वाले खुदाई के काम में लगी हुई थीं।

'6 से 8 फुट तक नीचे दब गईं महिलाएं'
चश्मदीद बताते हैं, 'कीचड़ एक बड़ा ढेर इन महिलाओं पर गिर गया था और वे करीब छह से आठ फुट तक नीचे दब गईं।' अधिकारी के मुताबिक, इस भयानक घटना में 10 महिलाओं की मौत हो गई है जबकि एक महिला घायल हो गईं और एक अन्य सुरक्षित बाहर निकल आईं।

तेलंगाना CM ने हर संभव मदद के दिए निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने इस घटना पर दुख जाहिर करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। राव ने संबंधित अधिकारियों को घायल और शोकाकुल परिवार को हर संभव मदद पहुंचाने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *