कोरोना वायरस से लोगवा भइल बीमार…गीत से फैला रहे जागरूकता

हाजीपुर 
                                                                                                                                                       
कोराना वायरस संक्रमण का असर नगर के साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्थाओं पर भी पड़ रहा है। ऐहतियातन कई सांस्कृतिक संस्थाओं ने अपने-अपने कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। वहीं कई सामाजिक संस्थाएं कोरोना वायरस संक्रमण के बचाव के लिए जागरूकता अभियान भी चला रही हैं। कलाकार सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करने में जुटे हुए हैं। संगीत विद्यालयों में तालाबंदी है। वहीं नाटक की संस्थाएं अपने सभी कार्यक्रम को रद्द कर चुकी हैं। शहर में चार संगीत की संस्थाएं हैं। 

चर्चित रंग संस्था निर्माण रंगमंच की ओर से वर्ल्ड थिएटर-डे पर तीन दिवसीय 27, 28, 29 मार्च को रंगवर्षा तृतीय का आयोजन किया गया था, जिसे स्थगित कर दिया गया है। रंगमंच के निदेशक क्षितिज प्रकाश ने बताया सरकार के निर्देश के आलोक और वायरस की गंभीरता को देखते हुए संस्था के द्वारा आयोजित सभी तरह के कार्यक्रम एवं पूर्वअभ्यास को स्थगित कर दिया गया है। कलाकारों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने आसपास के लोगों को इस बीमारी की गंभीरता के प्रति लोगों को जागरूक करें और स्वच्छता पर ध्यान दें। ज्यादा से ज्यादा समय घर पर ही व्यतीत करें। 

संगीत स्वरांजलि के निदेशक हरि शंकर वर्मा, लिक्ष्वी संगीत महाविद्यालय के गुरु देव आनंद ठाकुर, स्वर संगम कला महाविद्यालय के कृष्ण कुमार सिन्हा आदि ने अपने सभी संगीत की क्लास को स्थगित करते हुए शिक्षार्थियों को घर में ही रह कर अभ्यास करने का निर्देश दिया है। सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करने का निवेदन भी किया है। दूसरी ओर आम्रपाली कला जत्था एवं प्रार्थना एक सामाजिक सेवा संस्थान की ओर से विट्ठल नाथ सूर्य के निर्देशन में सोशल मीडिया पर गीत संगीत के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

 लोक गायक अभय सिंह दादा ने जागरूकता गीत कोरोना से बचके रहीह हो भाई प्रस्तुत किया  है। इनके साथ नाल पर राजू कुमार, सहगायक के रूप में बिट्ठल नाथ सूर्य, एवं सुरजीत कुमार ने सहयोग किया ।कलाकारों ने कोरोना वायरस से बचाव के प्रति सतर्कता हेतु  दलित समुदाय के लोगों और राहगीरों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया। दूसरी ओर आदर्श चेतना सेवा संस्थान के सदस्यों एवं संस्थान के कलाकारों  ने घूम घूम कर कोरोना वायरस के लक्षण बचाव कारण सुझाव आदि की जानकारी देने में जुटे हुए हैं अभियान में गायक नवल किशोर सिंह रामाकांत रागनी भारतीय उमेश निराला विशाल कुमार आदि ने वार्ड संख्या 32, 34, 35, 36, 37, 38 के महादलित टोले में कोरोना वायरस से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसके साथ ही सरकार के निर्देश का पालन करने की भी अपील कर पंफलेट का वितरण कर किया गया है। इस दौरान दलित बस्ती झुग्गी-झोपड़ियों, बदहाल बस्तियों में रहने वाले असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच साबुन, हैंड सैनेटाइजर एवं फेस मास्क आदि का इस्तेमाल करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *