कोरोना का टेस्ट विदेश राज्य मंत्री ने कराया
नई दिल्ली
विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन बीते शनिवार को एक मेडिकल इंस्टीट्यूट के रिसर्च सेंटर का दौरा किए थे। बाद में खबर आई कि वहां एक व्यक्ति में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद मंत्री ने खुद को लोगों से अलग कर लिया। उन्होंने इसकी जांच भी कराई, रिपोर्ट नेगेटिव निकली। मंत्री ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।
61 वर्षीय नेता मुरलीधरन ने 14 मार्च को जिस बैठक में शामिल हुए थे, वहां स्पेन से लौटे एक डॉक्टर भी शामिल थे। डॉक्टर में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद ही मुरलीधरन ने खुद को सभी से अलग कर लिया। केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधरन ने मंगलवार को हुई बीजेपी की संसदीय दल की बैठक से भी दूरी बनाई रखी। रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद भी वह कुछ दिनों तक घर पर ही रहेंगे।
भारत में सामने आए 125 मामले
भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मंगलवार को इसके चलते एक बुजुर्ग की मौत भी हो गई। कोरोना के अब तक देश में 125 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। सबसे अधिक महाराष्ट्र में इसके मामले सामने आए हैं। वहीं, केरल में अब तक कोरोना वायरस के 24 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। इसमें तीन मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए हैं।
नोएडा में दो मामले आए सामने
उत्तर प्रदेश के नोएडा में दो व्यक्तियों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। गौतम बुद्ध नगर जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जिलाधिकारी बृजेश नारायण सिंह ने बताया कि जनपद में कोरोना वायरस के दो मामले सामने आए हैं। इनमें से एक मरीज सेक्टर 100 स्थित लोटस वुलबर्ड सोसाइटी में रहने वाली महिला है, जो हाली ही में फ्रांस से लौटी थी। महिला को पृथक वार्ड में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरा मरीज सेक्टर 78 में हाइड पार्क का रहने वाला है। संक्रमित पाए जाने के बाद उसे भी अस्पताल के अलग कमरे में रखा गया है।