कॉमेडियन दिन्यार कॉन्ट्रैक्टर का निधन, PM मोदी ने जताया शोक
मुंबई
दिग्गज मॉडल, कॉमेडियन, फिल्म और थिएटर एक्टर दिन्यार कॉन्ट्रैक्टर का बुधवार को निधन हो गया। वे 79 साल के थे। उनके पारिवारिक सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि की। वे पिछले कुछ समय से बढ़ती उम्र के चलते होने वाली बीमारियों से जूझ रहे थे। उनका अंतिम संस्कार वर्ली में होगा। दिन्यार ने बाजीगर, 36 चाइना टाउन, खिलाड़ी, बादशाह जैसी फिल्मों में अपने हास्य अंदाज से शोहरत बटोरी थी। दिन्यार ने न केवल फिल्मों बल्किकई टीवी शो में भी काम किया।
थिएटर आर्टिस्ट के रूप में करिअर की शुरुआत करने वाले दिन्यार हिंदी और गुजराती नाटकों में ज्यादा काम करते थे। उन्होंने खिचड़ी, कभी इधर कभी उधर, हम सब एक हैं, आज के श्रीमान श्रीमति जैसे सीरियल में काम किया। इसके अलावा वे तारक मेहता का उल्टा चश्मा, तेरी भी चुप मेरी भी चुप, दम दमा दम, दो और दो पांच, दिल विल प्यार प्यार, शुभ मंगल सावधान, करिश्मा : एक मेरिकल डेस्टनी, हम सब बाराती, खिचड़ी और भ से भदे जैसे शो में नजर आए।
इसी साल दिन्यार को सिनेमा में अतुलनीय योगदान के लिए पद्मश्री अवॉर्ड से नवाजा गया था। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मंत्री ने शोक व्यक्त किया है। साथ ही केंद्रीय मंत्री और अभिनेत्री स्मृति ईरानी ने भी ट्वीट किया- बहुत याद आएंगे दिन्यार भाई।