केन्द्र की उपलब्धियां बताने वर्चुअल रैली,अब तक 25 लाख लोगों तक पहुंच चुके हैं : साय

रायपुर। भाजपा कार्यालय में आज पार्टी के तमाम नेता एक संयुक्त पीसी में शामिल हुए और केन्द्र में मोदी सरकार के कामकाज को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि कोविड 19 के संक्रमण काल में जिस प्रकार नियंत्रण रखते हुए प्रधानमंत्री ने फैसले लिए और राष्ट्र के लोगों ने मोदी जी के साथ कदमताल किया एक बार साबित हो गया कि उनके नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। हाल में ही चीन के मामलों पर वैश्विक स्तर पर भारत को पुरजोर समर्थन मिला और चीन के सामने जिस प्रकार कड़ाई से पेश आए आखिरकार चीनी सैनिकों को झुकना पड़ा। शहीद जवान परिवारों के साथ पूरा देश खड़ा है। पिछले एक साल के कार्यकाल में केन्द्र सरकार ने कई सौगातें दी हैं। इस उपलब्धियों को प्रदेश के 25 लाख घरों तक पहुंचाएंगे। 28 जून को भाजपा की यहां एक बड़ी वर्चुअल रैली आयोजित है, जिसमें करीब 3 लाख लोगों के जुडन?े का लक्ष्य रखा गया है। छत्तीसगढ़ में नए सदस्य बनाते हुए इस रैली से 10 लाख लोग जोड़े जाएंगे। राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सिर्फ जुमलेबाजी कर रहे हैं,काम नहीं।  
पत्रकारवार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडेय, बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत व अन्य उपस्थित थे। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि 28 जून को एक बड़ी वर्चुअल रैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी जब प्रधानमंत्री बने तब कहा था कि सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र के साथ काम करेंगे। पहले कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जन धन खाता, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के जरिये गरीब कल्याण के काम किये। सर्जिकल स्ट्राइक के जरिये देश का मान सम्मान बढ़ाया। जम्मू – कश्मीर से धारा 370 और 35 ए हटाने का बड़ा फैसला लिया गया। यह देश को बांटने वाली धारा थी। आज वहां विकास का मार्ग प्रशस्त किया।आजादी के बाद पाकिस्तान, बांग्लादेश जैसे देशों के हिन्दू शरणार्थी के रूप में देश आये थे। आज नागरिकता संशोधन कानून के जरिये, उन्हें उनका हक मोदी सरकर ने दिलाया। तीन तलाक बिल पास कराकर मुस्लिम महिलाओं का सम्मान लौटाया गया। राम मंदिर विवाद खत्म हुआ। सैकड़ों साल से चल रही अड़चने दूर हुई।
पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमनसिंह व साय ने कहा कि राज्य सरकार काम करने की बजाय भाजपा को टारगेट कर राजनीति करने में जुटी हुई है। जनता का भरोसा तोड़कर घोषणापत्र में किए वादों को पूरा करने से मुकर रही है। किसानों के साथ छल, शराबबंदी, बेरोजगारी भत्ता से लेकर और भी मुद्दों को हम वर्चुअल रैली के माध्यम से जनता तक पहुंचा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *