केंद्र को प्रस्ताव भेजेगी केजरीवाल सरकार, दिल्ली में मॉल खोलने की तैयारी: लॉकडाउन 5

 नई दिल्ली                                                                                                                                                             
लॉकडाउन का चौथा चरण 31 मई को पूरा होने जा रहा है। हरियाणा, गोवा समेत कई राज्य कुछ रियायतों के साथ लॉकडाउन बढ़ाना चाहते हैं। हालांकि अगले चरण में दिल्ली को शॉपिंग मॉल, धर्मस्थल और बाजार के समय बढ़ाने को लेकर राहत मिल सकती है। दिल्ली सरकार के सूत्रों के मुताबिक, इसके लिए प्रदेश सरकार प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजेगी।

स्कूल खोलने के पक्ष में नहीं: दिल्ली सरकार स्कूल-कॉलेज, सिनेमाघर अभी खोलने के पक्ष में नहीं है। सैलून खोलने पर उसके निगरानी और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन कराने को लेकर सरकार में एकमत नहीं है। शनिवार को इस पर फिर चर्चा होगी। उसके बाद केंद्र को सुझाव भेजे जाएंगे।

वहीं, हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को कहा, अधिक छूट देने से मामले बढ़ सकते हैं क्योंकि अभी जिस पड़ाव पर कोरोना वायरस का प्रकोप है, ऐसे में लॉकडाउन बढ़ाया जाना चाहिए।

जिम-होटल खुलें: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं, इसलिए लॉकडाउन को 15 जून तक बढ़ाया जाना चाहिए। हालांकि सावंत ने राज्य में जिम और होटल खोलने की इजाजत देने की भी मांग की।

उत्तराखंड भी पक्ष में : पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश लॉकडाउन बढ़ाने के पक्ष में है तो उत्तराखंड कुछ रियायतों के साथ लॉकडाउन बढ़ाना चाहता है। झारखंड में लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है। यह संकेत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए हैं। उन्होंने कहा, लॉकडाउन में ढील की जल्दबाजी नहीं है। कर्नाटक ने भी केंद्र से जल्द स्कूल खोलने की इजाजत मांगी है।

मोदी से मिले शाह : गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें मुख्यमंत्रियों के विचारों से अवगत कराया। माना जा रहा है कि अधिकतर मुख्यमंत्री लॉकडाउन जारी रहने लेकिन जनजीवन चरणबद्ध तरीके से पटरी पर लौटने के पक्ष में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *